किरायेदार की पिटाई से जान गवाने वाला 66 वर्षीय नेत्रपाल फाइल फोटो।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के क्वार्सी इलाके की संजय गांधी कालोनी में शनिवार को बुजुर्ग बीमार मकान स्वामी की किराएदार ने साढे़ पांच हजार रुपये के विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद किराएदार परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया। परिजनों ने आरोपी किराएदार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों की बीमारी की वजह से मौत होने की बात सामने आई है।
नेत्रपाल (65) निवासी संजय गांधी कालोनी, क्वार्सी के मकान की दूसरी मंजिल पर किराएदार भीमसेन उर्फ भीमा निवासी जारूआ कटरा, आगरा पिछले चार माह से रह रहा है। भीमा घरों में टाइल्स लगाने का काम करता है। वाकये के अनुसार शनिवार सुबह नेत्रपाल का बेटा तेजवीर बिजली का बिल जमा करने के लिए भीमा के पास किराए के पैसे मांगने गया। पैसों को लेकर भीमा और तेजवीर के बीच विवाद हो गया। तेजवीर ने अपने पिता को बुला लिया। इससे गुस्साए किराएदार ने बाप-बेटे पर हमला बोल दिया। बुजुर्ग पहले से बीमार था, मारपीट अधिक होने के कारण वह अचेत हो गए।
तेजवीर अपने पिता को लेकर एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां डाक्टरों ने नेत्रपाल को मृत घोषित कर दिया। तेजवीर के अनुसार भीमा 1400 रुपये प्रतिमाह किराए पर घर में रह रहा था। पिछले चार महीने से उसने पैसे नहीं दिए थे। किराया मांगने पर मारपीट पर उतारू हो जाता था। तेजवीर के अनुसार पिता घर पर ही परचून की दुकान चलाकर गुजर बसर करते थे। बुढ़ापे के कारण वह बीमार भी रहते थे। उनकी मौत के बाद मां मुन्नीदेवी की हालत बिगड़ गई है। वह तीन बेटी और दो बेटे के बाप थे। घटना के बाद किराएदार भीमा कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया है। इस मामले में पुलिस को तहरीर दे दी है। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।