फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dussehra: आज अलीगढ़ जिले में 400 से अधिक जगहों पर होगा रावण के पुतलों का दहन, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

Thu, 02 Oct 2025 11:49 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

पिछले एक माह से रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। रावण के पुतले के दहन के दौरान तरह तरह की आवाज निकलेगी। पुतला हंसेगा, गरजेगा और गर्दन भी चारों ओर घूमेगी। नाभि में तीर लगते ही रक्त की धारा बह उठेगी।
विज्ञापन
रावण दहन - फोटो : प्रतीकात्मक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ शहर में रामलीला महोत्सव के तहत आज विजयदशमी (दशहरा) पर होने वाले रावण, कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतलों के दहन को लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 400 से अधिक स्थानों पर पुतलों का दहन किया जाएगा।

विज्ञापन


नुमाइश मैदान में पिछले एक माह से रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। रावण के पुतले के दहन के दौरान तरह तरह की आवाज निकलेगी। पुतला हंसेगा, गरजेगा और गर्दन भी चारों ओर घूमेगी। नाभि में तीर लगते ही रक्त की धारा बह उठेगी। बुलंदशहर के कारीगरों की टीम ने पुतलों को तैयार किया है।

इस बार आतिशबाजी का गजब का नजारा भी देखने को मिलेगा। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट व एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि प्रशासन ने मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूरे मैदान में बैरिकेडिंग कराई है। यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने रूट चार्ट को अंतिम रूप दे दिया है। भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
विज्ञापन


श्री राम गोशाला समिति के अध्यक्ष विमल अग्रवाल ने बताया कि पुतला दहन से पूर्व राम-रावण में घमासान होगा। शोभायात्रा में 100 से अधिक झांकियां एवं बैंडबाजे शामिल रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी समेत पुलिस प्रशासनिक अधिकारी, सासंद, विधायक, मेयर आदि सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

इन स्थानों पर होगा पुतलों का दहन

शहर में नुमाइश मैदान, नगला तिकोना, नगला बरौला, जलालपुर, भमोला, कुंवर नगर में रावण के पुतले का दहन होगा। इसके अलावा शहर के विभिन्न गली, मोहल्लों में भी रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। जिले के कस्बा हरदुआगंज, अतरौली, पालीमुकीमपुर, छर्रा, दादों, गंगीरी, जलाली, अकराबाद, कौडियागंज, विजयगढ़, बेसवां, गोरई, इगलास, गोंडा, नगला जुझार, खैर, जट्टारी, टप्पल, पिसावा, चंडौस, सोमना-गभाना, बरौली, जवां, कासिमपुर, तालिबनगर आदि समेत 400 से अधिक स्थानों पर रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
दो जोन व 11 सेक्टरों में बंटा नुमाइश मैदान, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
अलीगढ़ शहर में विजयदशमी पर्व एवं दशहरा मेले में उमड़ने वाले अपार जनसमूह को लेकर पुलिस-प्रशासनिक स्तर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विजयदशमी पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पथ संचलन एवं विभिन्न शोभायात्रा भी पुलिस की देखरेख में निकाली जाएंगी। एसएसपी नीरज कुमार जादाैन के अनुसार इस बार नुमाइश मैदान में त्रिस्तरीय सुरक्षा के लिए पुलिस, पीएसी एवं आरएएफ को तैनात किया जाएगा। रामलीला मैदान से राम समेत अन्य झांकियां शहर में भ्रमण के बाद नुमाइश मैदान पहुंचेगी। इसको लेकर यातायात डायवर्जन, सुरक्षा आदि को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन स्थल पर चारों ओर से सुरक्षा घेरा होगा। दोपहर से ही सुरक्षा जांच के बाद रावण पुतला दहन स्थल को सुरक्षा घेरे में ले लिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
दशहरा पर श्रीरामचंद्र महाराज, सिंहासन शोभायात्रा, काली जी की सवारी अचलताल से शुरू होकर नुमाइश मैदान पहुंचेगी। इस दाैरान शोभायात्रा मदारगेट चौराहा, गांधीपार्क, मामूभांजा, मीरूमल चौराहा मामूभांजा स्थित श्री राधामोहन मंदिर से श्री काली जी सवारी मोहल्ले में भ्रमण के उपरांत शोभायात्रा में सम्मिलित होगी। पत्थर बाजार, बारहद्वारी चौराहा, रघुवीरपुरी चौराहा, कोल तहसील के सामने होते हुए नुमाइश मैदान पंहुचेगी। नुमाइश मैदान में रावण वध लीला मंचन के बाद श्रीराम, लक्ष्मण, सीता आदि के डोले मसूदाबाद जीटी रोड होते हुए वापस रामलीला मैदान अचलताल पहुंचेंगे।
विज्ञापन

इस तरह गुजरेंगे वाहन

(समय दोपहर एक बजे से समाप्ति तक)
  • बौनेर तिराहा, एटा चुंगी से गांधीपार्क बस अड्डा की तरफ से आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन, रोडवेज बस, प्राइवेट बस प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन बौनेर तिराहा / एटा चुंगी चौराहे से डायवर्ट होकर अपने गंतव्य को जाएंगे। - दिल्ली/ बुलंदशहर की तरफ से सारसौल चौराहा की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन भांकरी पुल से डायवर्ट होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
  • खैर, टप्पल की तरफ से सारसौल चौराहा, बरौला पुल की ओर से आने वाले वाहन खेरेश्वर चौराहे, हरदुआगंज, रामघाट रोड की तरफ से शहर की तरफ आने वाले क्वार्सी चौराहा से डायवर्ट होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
  • आगरा, हाथरस, मथुरा/ इगलास की तरफ से शहर की तरफ आने वाले समस्त भारी वाहन डायवर्ट होकर गंतव्य तक जा सकेंगें।
आंतरिक डायवर्जन
(समय सायंकाल चार बजे से समाप्ति तक)

रावण पुतला दहन के समय कंपनीबाग चौराहा, रसलगंज चौराहा, मसूदाबाद चौराहा, नुमाइश मैदान, शंहशाह तिराहा, पुलिस लाइन तस्वीर महल, जेल पुल के नीचे मैहर पैलेस, गूलर रोड नगर निगम वर्कशॉप चौराहा, आईटीआई पुलिस चौकी से नुमाइश मैदान की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें