जिले की निकायों में से मुस्लिम आबादी वाली पिलखना पंचायत पर भाजपा ने पहली बार मुस्लिम प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह प्रत्याशी क्षेत्र के विधायक रविंद्रपाल सिंह द्वारा मैदान में लाया गया और पार्टी ने इस प्रस्ताव को स्वीकारते हुए टिकट दिया है। पिलखना की प्रत्याशी जमीला खातून का परिवार लंबे समय से रविंद्रपाल सिंह के साथ है।
महानगर में ज्यादा असंतोष, दिग्गजों की टिकट कटी
भाजपा ने पार्षद टिकट वितरण में वैसे हर वर्ग और धर्म का ध्यान रखा है। मगर बावजूद इसके दिग्गजों का टिकट कटने पर ज्यादा असंतोष दिखाई दे रहर है। जिसमें पार्टी के कई बार के पार्षद वीरेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, डा.दिनेश शर्मा, विजय तोमर, सुबोध सिट्टु का टिकट कट गया है। इसी तरह पिछली बार के पार्षद मीनेश भारद्वाज, वैभव गौतम का टिकट कटा है। इसके अलावा एक विशेष खेमे से जुड़े युवा मोर्चा में पदाधिकारी मीनेष भारद्वाज, प्रतीक चौहान, शिवम शर्मा आदि का टिकट कटने पर चर्चाएं और असंतोष उभर रहा है। इसके अलावा टिकट वितरण में अपना तेरी व अन्य तरह के आरोप लगाने और पार्टी कार्यकर्ताओं को तवज्जो न देने के आरोप लगाते हुए इसी तरह महावीर गंज मंडल के अध्यक्ष संजय शर्मा आदि ने इस्तीफा दिया है। उन्होंने बाद में इस्तीफा वापस लेने की घोषणा कर दी।
इसी तरह क्वार्सी मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों ने इस्तीफे का ऐलान जारी कर दिया था। मगर देर रात सांसद सतीश गौतम के समझाने पर उन्होंने अपना इस्तीफा वापस लेने का ऐलान कर दिया और सांसद के समक्ष लिखित में भी दे दिया। इधर, वाल्मीकि समाज ने टिकटों में ध्यान न देने का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यालय पर धरना दिया। जिसमें राजीव भारती, संदेश राज आदि शामिल रहे। इधर, भारतीय क्रांतिकारी वाल्मीकि मोर्चा के राजतिलक वाल्मीकि ने समाज की अनदेखी का आरोप टिकट वितरण में लगाया है। इधर, भाजपा महिला मोर्चा ने महिला मोर्चा की बहनों को टिकट में अनदेखी का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल कर दी है। वहीं पिछले चुनाव परिणाम को ध्यान में रखते हुए निर्दल जीते योगेश सिंघल को इस बार रघुवीरपुरी से टिकट दिया गया है।
एक हिस्ट्रीशीटर को भी दिया टिकट
भाजपा की पार्षद सूची एक नाम हिस्ट्रीशीटर का भी है। आईटीआई रोड वार्ड से पार्टी ने दिनेश जादौन को टिकट दिया है। दिनेश बन्नादेवी से हिस्ट्रीशीटर हैं। हालांकि इंस्पेक्टर यह नहीं बता पाए कि दिनेश पर किस तरह के अपराध हैं। मगर थाने पर दिनेश की हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। इसे लेकर तरह तरह की चर्चाएं हैं।
भाजपा के कुल 88 प्रत्याशी में से 18 मुस्लिम मैदान में
भाजपा ने पहली बार 70 से सीमा विस्तार के बाद 90 वार्ड वाले नगर निगम में 88 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। यह पहला मौका है कि इनमें से 18 मुस्लिम प्रत्याशी हैं। इस विषय में पार्टी पहले से तैयारी कर रही थी। यह पहला मौका है कि जब इतनी संख्या में मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि पिछले चुनावों में ऐसे इलाके होते थे, जिनमें पार्टी के प्रत्याशी नहीं होते थे और बिस्तर लगते थे।
पार्टी के पार्षद दावेदारों की सूची देखकर मैं खुद हैरान हूं। अब यह सब कैसे और किस प्रभाव में संभव हुआ है। यह कहना मुश्किल है। हां, पहली बार 18 मुस्लिम प्रत्याशी मैदान में हैं।
-विवेक सारस्तव, महानगर अध्यक्ष भाजपा