अकराबाद के एक गांव में मायके आई गर्भवती युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। मगर खास बात है कि गैंगरेप व मारपीट से युवती का गर्भपात होने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। जिसकी शिकायत मंगलवार को एसएसपी दफ्तर में की गई है।
मंगलवार को एसएसपी दफ्तर पहुंची महिला ने बताया कि उसकी बेटी पिछले दिनों से मायके आई हुई है, जो गर्भवती भी है। पांच जून की शाम खेत में गई तो गांव के ही तीन युवकों ने हथियारों के बल पर उसे खेत में दबोच लिया। तमंचे के बल पर तीनों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। जिससे युवती बेहोश हो गई। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो खेत में उसे अचेत पाया। होश आने पर सारी बात बताई तो आरोपी युवकों के घर जाकर इसका विरोध किया गया।
आरोप है कि थोड़ी ही देर बाद वह तीनों युवक घर में घुस आए और जमकर मारपीट की। जिससे युवती की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसे जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया। जहां युवती की हालत गंभीर होने पर उसका गर्भपात हो गया। इसकी शिकायत जब थाने की गई तो वहां तहरीर तक नहीं ली गई। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व मुकदमे की मांग की गई है।