राजा महेंद्रप्रताप विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए छह वर्षों से लगातार आंदोलन करने वाले छात्र नेताओं को इगलास के यूनिवर्सल कॉलेज में शुक्रवार को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम सीतापुर प्रधान लोकेश शर्मा ने आयोजित किया था। छात्र नेता अमित गोस्वामी, सौरभ चौधरी, अर्जुन सिंह भोलू को मेवाड़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अशोक गाड़िया, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय, प्रो. चित्रलेखा व मुकुल उपाध्याय की मौजूदगी में भारत गौरव सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
विदित हो कि उक्त तीनों छात्र नेताओं ने लगातार छह वर्षों से यूनिवर्सिटी के लिए कई धरना प्रदर्शन किए। तेजतर्रार छात्र नेता अमित गोस्वामी ने यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए चार बार डीएस कॉलेज परिसर में भूख हड़ताल की। यूनिवर्सिटी के संघर्ष के दौरान करीब 21 मुकद्दमे भी छात्र नेताओं पर दर्ज किए गए। गत वर्ष दिसंबर माह में उप्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तीनों छात्र नेताओं के संघर्ष पर लखनऊ बुलाकर पीठ थपथपा चुके हैं।