राज पैलेस नहीं थोपेगा अपनी बातअलीगढ़ (ब्यूरो)। भाजपा के जिला संगठन के चुनाव अधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोग चाहेंगे तो पदाधिकारियों का चुनाव होगा अन्यथा आम सहमति से जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी तय किए जाएंगे। संगठन के चुनाव में राज पैलेस को इग्नोर नहीं करेंगे लेकिन राज पैलेस कोई बात थोपेगा नहीं।
शुक्रवार को रामघाट रोड स्थित महाजन पैलेस में शुक्ला ने पत्रकारों से कहा कि संगठन की दृष्टि से अलीगढ़ (महानगर को छोड़कर) में पहले 28 मंडल थे, जिसे घटाकर अब 20 कर दिया गया है। प्रत्येक विधान सभा में न्यूनतम तीन एवं अधिकतम चार मंडल होंगे। यानी करीब सौ बूथ का एक मंडल होगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर बूथ, मंडल एवं जिला कमेटी का चुनाव करा लिया जाएगा। संगठनात्मक चुनाव के बाद पार्टी विधान सभा चुनाव 2017 की तैयारी में नए जोश एवं उत्साह के जुट जाएगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। पूर्व मंत्री शुक्ला ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि लोगों को भ्रम में डालने के लिए कुछ मंत्रियों के विभागों में फेर बदल किया है। आजम खां एवं शिवपाल यादव जैसे मंत्रियों के पास अधिकतम विभाग हैं लेकिन मुख्यमंत्री उसमें कोई फेरबदल नहीं कर पाए।
इस अवसर पर सांसद सतीश गौतम, सह प्रभारी भानु प्रताप चौहान, जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह, रघुराज सिंह, मीना कुमारी, रामसखी कठेरिया, शल्यराज सिंह, संदीप चाणक्य, नत्थी सिंह आदि मौजूद थे। इससे पूर्व शुक्ला ने जापान हाउस में पार्टी नेताओं के साथ संगठन और सक्रिय सदस्यता पर विस्तार से चर्चा की।