नौरंगाबाद में सड़क पर डाली गई सिल्ट।
- फोटो : CITY OFFICE
केंद्र में छह साल से भाजपा सरकार है और यहां से सतीश गौतम लगातार दूसरी बार सांसद है। प्रदेश में तीन वर्ष से भाजपा सरकार है और कोल विस क्षेत्र के विधायक अनिल पाराशर हैं। इसके बावजूद इनके मोहल्ले जलभराव और सिल्ट की सड़ांध से जूझ रहे हैं । छह साल से सतीश गौतम का कार्यालय व आवास विद्यानगर में है। इसके बाद भी रामघाट रोड से इस सड़क की ओर मुड़ते ही गड्ढे ही गड्ढे हैं। यहां हल्की सी बारिश में ही पूरा मोहल्ला जलमग्न हो जाता है। रास्ता तक नहीं दिखता है, जबकि यहीं पर रेलवे के डेडीकेटेड फ्रेट कोरिडोर का कार्यालय भी इसमें डूब जाता है।
इधर, कोल विधायक अनिल पाराशर के सुरेंद्र नगर मोहल्ले में पानी की टंकी के पास से उनके घर तक जाने वाली सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण हो रहा है। दबंग ठेकेादार ने कीचड़ निकाल पूरी सड़क पर फैला दिया है। जिससे पूरा मोहल्ला सड़ांध और तीक्ष्ण बदबू से परेशान हैै। घरों के बाहर पैदल चलने तक का रास्ता नहीं छोड़ा गया है। दोनों ही नेता मंगलवार शाम को बारिश के बाद स्थानीय लोगों की शिकायतों और उलाहनों से परेशान थे। अब अगर सत्तारूढ़ दल के नेताओं के घर मोहल्लों का ये हाल है तो बाकी शहर के बारे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
नगर निगम की कार्यप्रणाली से मोहल्लेवासी परेशान हैं। शहरी इलाकोें में नाव से सिल्ट उठाकर बाहर फेंकने की व्यवस्था लागू है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। जिससे लोग बहुत परेशान हैं। नगर निगम इस संबंध में एनजीटी के सख्त और स्पष्ट आदेश भी नहीं मान रहा है। इस बारे में नगर विकास विभाग से बात की जाएगी।
-अनिल पाराशर, कोल विधायक।
कल ही नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल से मोहल्ले के जलभराव की समस्या को लेकर निरीक्षण कराऊंगा। जिससे इसका स्थायी निदान हो सके। विद्यानगर से लेकर रामघाट रोड तक कहीं भी जलभराव न हो। छह साल से ये समस्या बनी है। अब इसको ठीक कराना है।
-सतीश गौतम, सांसद।
सांसद सतीश गौतम की कालोनी विद्यानगर में बारिश के बाद जलभराव।- फोटो : CITY OFFICE