ट्रेनों में महिला सुरक्षा को लेकर रेल विभाग जितना सतर्क हुआ है। उतना ही अब महिला यात्रियों को स्टेशन से घर तक पहुंचाने के लिए होने जा रहा है। आरपीएफ की मेरी सहेली टीम अकेली महिला यात्रियों को स्टेशन से ऑटो-टैक्सी में बैठाकर घर तक सुरक्षित पहुंचने में मदद करेगी। ऑटो-टैक्सी चालक का पूरा ब्योरा आरपीएफ की टीम के पास रहेगा। महिला यात्री के घर पहुंचने पर उसे फोन कर कुशलता भी जानी जाएगी। खासकर रात के समय टीम इस योजना को लेकर ज्यादा अलर्ट रहेगी।
दरअसल आरपीएफ ने पिछले दिनों मेरी सहेली टीम बनाई है। इस टीम में आरपीएफ की महिला कर्मियों को ट्रेन में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगाया गया है। प्रयागराज रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट मनोज कुमार ने बताया कि रात के समय अपनी यात्रा पूरी कर महिलाएं स्टेशन पर उतरती हैं तो उनको वहां से घर जाने के लिए ऑटो या टैक्सी में सफर करने में सुरक्षा का डर लगा रहता है। इस असुरक्षा की भावना को खत्म करने के लिए आरपीएफ ने प्लान तैयार किया है। इसके तहत ऐसी महिला यात्रियों पर आरपीएफ की मेरी सहेली टीम निगाह रखेगी। साथ ही आरपीएफ द्वारा प्लेटफार्म पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां महिलाएं स्वयं भी संपर्क कर सकेंगी। इन अकेली महिला यात्रियों के साथ आरपीएफ के जवान जाएंगे और उनको ऑटो-टैक्सी में बैठाएंगे। इसके साथ ही चालक का पूरा नाम-पताए ऑटो-टैक्सी का ब्योरा लेेंगे और महिला यात्री को घर तक सुरक्षित पहुंचाने का जिम्मा सौंपेंगे। जब उक्त महिला घर पर पहुंच जाएगी तो महिला जवान द्वारा उसे फोन कर कुशलता जानी जाएगी।
अकेली यात्रा कर रही महिला से हर स्टेशन पर लिया जा रहा है हालचाल
ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से लेकर अंतिम गंतव्य पर पहुंचने तक जिस भी स्टेशन पर ट्रेन रुक रही है, वहां आरपीएफ महिला सिपाहियों की टीम अकेले सफर कर रहीं महिला यात्रियों से संपर्क कर उनका कुशलक्षेम पूछ रहीं है। अकेले सफर करने वाली महिलाओं की सूची रेलवे हेडक्वार्टर से ही आरपीएफ को जारी की जा रही है। यह प्रक्रिया कड़ी की तरह शुरू की गई है ताकि महिलाओं को पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा का एहसास हो। एक ट्रेन को अटेंड करने के बाद इसका पूरा मैसेज बनाकर कंट्रोल रूम को भेजा जा रहा है।
अलीगढ़ की मेरी सहेली टीम
आरपीएफ अलीगढ़ पोस्ट कमांडर चमन सिंह तोमर ने बताया कि अलीगढ़ की मेरी सहेली टीम में कांस्टेबल सुनीता, रेनू कुमारी, काजल, कुमारी प्रिया शामिल है। इसके साथ ही महिला को कोई भी परेशानी होने पर हैल्पलाइन नंबर 182 या पोस्ट कमांडर के सरकारी नंबर 9794837364 पर कॉल कर वह सहायता ले सकती हैं।