तीन नये कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े किसानों के समर्थन में आई कांग्रेस का अलीगढ़ जंक्शन पर आज यानी सोमवार को रेल रोको आंदोलन प्रस्तावित है। इसे लेकर जीआरपी और आरपीएफ अलर्ट पर है। आगरा जीआरपी लाइन से 50 जवानों की एक टुकड़ी, आगरा से ही पीएसी की एक कंपनी, रेल सुरक्षा बल की ओर से आरपीएसएफ का एक सेक्शन फोर्स मंगाया गया है। वहीं, जिले से एक क्यूआरटी, एक सीओ, दो इंस्पेक्टर, सिविल फोर्स व एसडीएम को लगाया गया है। वहीं आरपीएफ व जीआरपी थाने का फोर्स पहले से ही अलर्ट पर है।
अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि रेल रोकने वालों पर सीधे रासुका की कार्रवाई की जाएगी। जीआरपी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि जीआरपी का पूरा फोर्स तैनात है। अधिकारियों ने पूरे मामले में निगाह है। आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर ने बताया कि आरपीएफ की अतिरिक्त टुकड़ी मंगाई गई है। रेल रोकने वालों पर रासुका की कार्रवाई होगी।
बता दें कि राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गौरांग देव चौहान ने शनिवार को रेल रोको आंदोलन करने का एलान किया था। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर सुबह दस बजे जुटने के बाद अलीगढ़ जंक्शन पर जाकर रेल रोकने का आह्वान किया था। इसके बाद से रेलवे हाई अलर्ट पर है।