इस घटनाक्रम के बाद ज्यादातर नेता अपनी अपनी गाडिय़ों में सवार होकर चले गए। तभी वहां महानगर अध्यक्ष खेमे की महिला नेता व महानगर के एक मंडल की उपाध्यक्ष ने मारपीट करने वालों पर शराब पीकर आने का आरोप लगा दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने उसकी यह टिप्पणी सुन ली तो तीखा जवाब दे दिया। इसी बात पर दोनों में जमकर बहस हो गई। उसे भी कुछ लोगों ने शांत कराया।
महानगर अध्यक्ष संग एसएसपी से मिला गनर
इस घटनाक्रम की खबर पर उसी समय सिविल लाइंस पुलिस वहां पहुंच गई थी। देर शाम गनर अनूप ने महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा संग एसएसपी से मुलाकात की। अनूप ने एसएसपी को पूरा विषय बताते हुए लिखित में शिकायत दी है। इसमें राकेश सहाय व उसके कुछ साथियों पर हाथापाई और धक्कामुक्की करने का आरोप लगया गया है। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि महानगर अध्यक्ष ने घटना की जानकारी दी है। सिपाही ने भी लिखित में शिकायत दी है। इसकी जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जो स्थिति पाई जाएगी, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष बोले, कुछ नेताओं के इशारे पर हरकत
महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा का कहना है कि राकेश सहाय ने कार्यक्रम में आगे-पीछे आने पर कई बाद धक्का मुक्की की। ये सब उन्होंने किस वजह से किया, ये तो नहीं कहा जा सकता। मगर जब गनर ने उन्हें रोका तो गनर के साथ भी उन्होंने साथियों संग हाथापाई कर दी। यह वरिष्ठ नेताओं व अतिथियों के सामने पार्टी की नीतियों के खिलाफ किया गया कृत्य है। कुछ नेताओं का इशारा होना संभव है। हमने क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने विषय रख दिया है। बाकी पार्टी परिवार का मामला है। इसलिए कोई शिकायत करने का मतलब नहीं है।
महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल कहा कहना है। आयोजन में हमारे साथ राकेश सहाय सहित तमाम कार्यकर्ता गए थे। उनका मन क्षेत्रीय अध्यक्ष संग फोटो खिंचवाने का था। महानगर अध्यक्ष ने उन्हें धक्कामुक्की करके हर बार रोका गया। हमने उन्हें मंच पर भी बुलाने का प्रयास किया। वहां भी रोक दिया। समापन के बाद नीचे आने पर इसी बात पर विवाद हुआ। बीच में उनके गनर ने उल्टा एक कार्यकर्ता पर कारबाइन तान दी। इस पर उससे सिर्फ यह कहते हुए धकियाया गया था कि हमें गोली मार दो। कोई मारपीट या हाथापाई नहीं की गई। आरोप निराधार हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले, प्रदेश को बताया जाएगा विषय
इस विषय में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि विवाद उनके संज्ञान में है। जो कुछ हुआ, उस विषय में एक पक्ष ने अपनी बात रख दी है। दूसरे पक्ष की ओर से कोई शिकायत या जानकारी नहीं दी गई है। दूसरे पक्ष से भी बात की जाएगी। पूरा विषय प्रदेश नेतृत्व को बताया जाएगा। वहां के निर्देश पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
महानगर भाजपा में है गुटबाजी
पार्टी में अब तक यह गुटबाजी आयोजनों में संख्या, सोशल मीडिया पर ही दिखाई देती थी। मगर अब यह खुलकर दिखाई दे रही है। पार्टी जानकारों के अनुसार गुटबाजी में महानगर में पार्टी दो गुटों में बंटी हुई है। दूसरा गुट महानगर अध्यक्ष से लगातार दूरी बनाए हुए है। इसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इसी गुटबाजी में बुधवार को घटना हुई है।