फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

New Year 2026: रात में जैसे ही घड़ी की दोनों सुइयां आईं 12 पर, संगीत की धुनों पर जश्न में डूबा अलीगढ़

Thu, 01 Jan 2026 10:19 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

नववर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए लोगों ने गुलाब के फूल एवं बुके का सहारा लिया। हालांकि सुर्ख गुलाब के फूल की कीमतें भी सुर्ख रहीं। सामान्य दिनों में 10 रुपये में बिकने वाला गुलाब का फूल 50-60 रुपये तक में बिका।
विज्ञापन
मैरिस रोड स्थित एक होटल में नव वर्ष कार्यक्रम में डांस करते लोग - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ शहर में जश्न के साथ साल 2025 को विदाई दी गई और साल 2026 का स्वागत किया गया। रात में घड़ी की दोनों सुइयां जैसे ही 12 के अंक पर पहुंचीं, वैसे ही हैप्पी न्यू ईयर से पूरा माहौल गूंज उठा। इससे पहले किसी ने संगीत की धुनों पर ठुमके लगाए तो किसी ने मंदिरों व तीर्थ स्थलों पहुंचकर पूजा-पाठ किया और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।

विज्ञापन


नए साल के जश्न के दौरान जहां जमकर जाम छलके तो युवाओं का जोश देखने लायक था। डीजे और फिल्मी गीतों की धुनों पर युवा जमकर झूमते नजर आए। होटल और रेस्टोरेंट में तो समय की पाबंदियां थीं, लेकिन शहर में कई जगहों पर रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। रात 12 बजते ही लोगों ने एक-दूसरे को नए साल की बधाइयां दीं।

हर किसी ने अपने ही अंदाज में नए साल का स्वागत किया। कई जगह लोगों ने आतिशबाजी भी की। आधी रात के बाद शहर में आतिशबाजी के धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं और आसमान पर सतरंगी छटा बिखरती नजर आई। सेंटर प्वाइंट चौराहे से लेकर मैरिस रोड तक बने होटल और रेस्टोरेंट में शाम ढलते ही लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। यही हाल शहर के रामघाट रोड, जीटी रोड और हाईवे पर बने होटलों का भी था। यहां लोगों ने अपने परिवार, दोस्तों के साथ नए साल पर पार्टी की। युवा जोड़ों ने कैंडल डिनर किया।
विज्ञापन


रात 12 बजते ही लोगों ने केक काटकर नए साल का स्वागत किया। शहर की हाउसिंग सोसाइटी एवं पॉश कॉलोनियों में गीत-संगीत व नृत्य की खूब महफिल सजी। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। कई लोगों ने मंदिरों में भजन-कीर्तन के बीच नए साल का स्वागत कर मिष्ठान वितरित किया। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅर्म पर शाम से ही लोगों ने एडवांस मेसेज भेजकर बधाइयां देना शुरू कर दिया था। कई स्थानों पर जश्न के चलते जाम भी लगा रहा। हालांकि पुलिस के मुस्तैद रहने से जल्द ही यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई।

विज्ञापन

10 रुपये का गुलाब 60 रुपये तक बिका

नववर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए लोगों ने गुलाब के फूल एवं बुके का सहारा लिया। हालांकि सुर्ख गुलाब के फूल की कीमतें भी सुर्ख रहीं। सामान्य दिनों में 10 रुपये में बिकने वाला गुलाब का फूल 50-60 रुपये तक में बिका, जबकि बुके की कीमतें भी आसमान छूती नजर आईं।

इन तीर्थ स्थलों की यात्रा पर गए लोग
साल के आखिरी दिन बड़ी संख्या में लोग न केवल मां वैष्णो देवी की यात्रा पर गए, बल्कि काफी लोगों ने मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन व गोकुल आदि स्थानों पर जाकर पूजा-अर्चना की।

सड़कों पर पुलिस रही मुस्तैद
नए साल पर शहर की सड़कों पर युवाओं की टोली बाइक और स्कूटी लेकर निकलीं। एसएसपी नीरज कुमार जादाैन, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एएसपी मयंक पाठक, एसपी देहात अमृत जैन समेत अन्य पुलिस अधिकारी शहर में भ्रमण करते रहे। कई जगह पुलिस ने स्टंटबाजी कर रहे लोगों को रोका-टोका और कुछ लोगों को पकड़ा भी। हालांकि जश्न का माहौल देखते हुए पुलिस ने कड़ी हिदायत देते हुए उन्हें छोड़ दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें