क्वार्सी से बौनेर तक छह किलोमीटर लंबे मार्ग की मरम्मत लोक निर्माण विभाग करेगा। यह आदेश मंडलायुक्त गौरव दयाल ने जारी किए हैं। इसके लिए अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) धनराशि प्रदान करेगा। मंडलायुक्त ने पहले चरण में 50 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। लोक निर्माण विभाग ने 75.15 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है, जबकि एडीए का मानना है कि यह राशि ज्यादा है, इसलिए एडीए की तकनीकी टीम अपने स्तर से भी एस्टीमेट तैयार कर रही है।
एडीए द्वारा पांच साल पहले निर्मित कराई गई यह सड़क कुछ ही दिनों में खराब हो गई थी, जिसकी पिछले महीने तक एडीए ने सुध नहीं ली थी। अमर उजाला ने इसको लेकर अभियान चलाया था, जिसको मंडलायुक्त ने गंभीरता से लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर स्थलीय निरीक्षण किया था। उसी के बाद लोक निर्माण विभाग को मरम्मत पर खर्च होने वाली राशि का एस्टीमेट तैयार करने के आदेश किए थे। पिछले महीने लोक निर्माण विभाग खंड एक ने 75 लाख रुपये से सड़क की मरम्मत का एस्टीमेट तैयार किया गया था, जिसको मंडलायुक्त ने स्वीकार कर लिया है। साथ में यह भी कहा है कि इस सड़क को पांच साल पहले एडीए ने बनाया था लेकिन कुछ महीनों के बाद सड़क खराब हो गई। इसलिए अब इस सड़क की मरम्मत एडीए नहीं करेगा, कार्यदायी संस्था की हैसियत से लोक निर्माण विभाग करेगा। पहले चरण में 50 लाख रुपये जारी करने के निर्देश एडीए उपाध्यक्ष को दिए हैं।
एडीए उपाध्यक्ष गौरांग राठी का कहना है कि लोक निर्माण विभाग सड़क की मरम्मत के लिए कार्यदायी संस्था होगी। इस सड़क की मरम्मत का एस्टीमेट एडीए भी तैयार करेगा। दोनों विभाग के एस्टीमेट में यदि कोई अंतर हुआ तो उसका निस्तारण बैठक करके कर लिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग से मरम्मत कराने की दूसरी वजह यह भी है कि इस सड़क को भविष्य में लोक निर्माण विभाग नए सिरे से निर्मित करेगा।
घटिया सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदारों को दूसरा नोटिस
पांच साल पहले इस सड़क का घटिया निर्माण करने के आरोपी दो अभियंताओं तथा ठेकेदार को दूसरा नोटिस जारी किया है। इन्होंने पूर्व के नोटिस का जवाब नहीं दिया था। इसीलिए दूसरा नोटिस जारी किया गया है। आरोप है कि इनकी लापरवाही के कारण सड़क का घटिया निर्माण हुआ है, जिसकी वजह से यह सड़क छह महीने में ही खराब हो गई थी।