अखिल भारतीय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ठा. ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जैसे ही पता चला कि रामजी लाल सुमन का काफिला अलीगढ़ से जा रहा है, तभी उसका विरोध करने की प्लानिंग बना ली गई। ऐसा ही हुआ, जैसे ही काफिला अलीगढ़ से गुजरा तो करणी सेना और क्षत्रिय समाज के लोगों ने रामजी लाल सुमन के खिलाफ नारेबाजी, विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफिले पर टायर फेंके गए और काले झंडे दिखाए।
आपस में भिड़ गईं काफिले की गाड़ियां
लोधा थाना क्षेत्र के खेरेश्वर चौराहे पर दोपहर 2 बजे के लगभग सपा राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन का काफिला पहुंचा। वहां करणी सेना के कार्यकर्ताओं को देख काफिले में हड़बड़ी मच गई, जिससे काफिले की पांच गाड़ियां आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गईं। काफिले में सवार कई कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल व निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में एडवोकेट ब्रज मोहन रही, एडवोकेट लल्लन बाबू, वीरपाल सिंह ,सत्यपाल सिंह, सुरेश नेत्रपाल, पूरनचंद सहित अन्य लोग हैं।
गभाना टोल पर रोका काफिला, पुलिस-प्रशासन से नोक-झोंक
वहां से जैसे ही रामजीलाल सुमन का काफिला आगे गभाना टोल प्लाजा पर पहुंचा तो वहां पर पहले से ही अलीगढ़ के साथ बुलंशहर जिले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने रामजीलाल सुमन के काफिले को रोक दिया। वहां पर रामजी लाल सुमन और सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस-प्रशासन से नोक-झोंक हो गई। सपा कार्यकर्ताओं ने काफिले पर पथराव करने का भी आरोप लगाया है। बाद में पुलिस ने रामजी लाल सुमन को वापस भेज दिया। कुछ कार्यकर्ताओं को ही आगे जाने दिया।
अलीगढ़ के एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर कुछ लोगों ने टायर फेंके। जिसके संबंध में थाना गभाना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है, जिसके उपरांत आवश्यक विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी ।
चौकी प्रभारी निलंबित, थाना प्रभारी के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि प्रकरण में शिथिलता बरतने के लिए स्थानीय चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रचलित की गई । सांसद को जनपद अलीगढ़ से सकुशल पास कराया जा चुका है, किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है । मौके पर शांति है ।