जनपद में गेहूं खरीद केंद्रों की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को क्रय संस्थाओं व गेेहूं खरीद केंद्रों को अगले दो-तीन दिन के अंदर खोलने का प्रस्ताव तैयार करने व उनकी जियो टैंगिग कराने को निर्देशित किया।
उन्होंने केंद्रों के लिए खरीद संबंधी आवश्यक उपकरणों की मरम्मत कराने, खाली बोरों की पर्याप्त उपलब्धता कराने, बांट-माप विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए सभी कांटों को सत्यापित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे खरीद संबंधी सभी तैयारियों के अलावा 15 मार्च तक परिवहन व ठेकेदार की व्यवस्था करा लें। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, जिला प्रबंधक पीसीएफ, सभी मंडियों के सचिव आदि मौजूद रहे।