जिले में पिछले साल सुर्खियों में रहे जहरीली शराब कांड में शामिल मुख्य आरोपियों की संपत्ति जब्तीकरण का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को खैर व लोधा पुलिस ने दो माफिया की संपत्ति जब्त की है।
पिछले वर्ष हुए इस कांड में खैर पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट में के तहत घोषित शराब माफिया शिव कुमार उर्फ शिवा निवासी नगला उडइया नगरिया पट्टी देवरी हसायन हाथरस की संपत्ति जब्त की है। खैर में दर्ज मुकदमे के आधार पर खैर पुलिस ने डीएम के अनुमोदन पर उसके गांव के खाता संख्या 40 में 0.257 हैक्टेयर भूमि को जब्त किया है।
यह जमीन शिवा ने 6 मई 2020 को अपनी पत्नी सरोज देवी के नाम से खरीदी थी। जिसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये है। इसी तरह लोधा पुलिस ने करसुआ के शराब ठेकेदार नरेंद्र कुमार निवासी लोधा की स्कूटी संख्या यूपी 81 सीक्यू 1529 को भी जब्त किया गया है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि जिस मुकदमे में शिवकुमार व नरेंद्र की संपत्ति जब्त की गई हैं। उनमें कई माफिया शामिल हैं। इस तरह अब तक कुल 74 करोड़ 51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।