प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तालानगरी में 25 जनवरी को होने वाली रैली में पांच लाख लोगों को एकत्र करने की तैयारी दोपहर तक भाजपा कर रही थी। इसके लिए लिए पांच हजार बस व दस हजार छोटे वाहनों का इंतजाम करने पर सुबह सर्किट हाउस की बैठक में मंथन हुआ।
इस दौरान ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य व रैली प्रभारी पुरषोत्तम खंडेलवाल ने तैयारियों की समीक्षा की। इस समीक्षा के बाद शाम को जनप्रतिनिधियों की बैठक होनी थी। मगर प्रदेश नेतृत्व से इशारा मिलने के बाद शाम की बैठक स्थगित कर दी गई और रैली न होने की सूचना देकर डेरा डाले पदाधिकारी यहां से रवाना हो गए।
इस बैठक में महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह लाला, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, महापौर प्रशांत सिंघल, शहर विधायक मुक्ता राजा, एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह, राज सक्सेना,पूर्व महापौर आशुतोष वार्ष्णेय, सुरेंद्र अग्रवाल, गोपाल माहेश्वरी, गौरव शर्मा,सुरेश शर्मा, सुधा सिंह, मानव महाजन, विजय विक्रम, वैभव गौतम, यतिन दीक्षित, गंगा सरन दिवाकर, आनंद सक्सेना, आदित्य अग्रवाल आदि मौजूद रहे।