यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज हो रही हैं। परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया के तहत अधिकांश विद्यालयों ने पोर्टल पर अपने विद्यालय से संबंधित भौतिक संसाधनों का डाटा अपलोड कर दिया है। अब तक करीब 80 प्रतिशत स्कूलों का डेटा फीड हो चुका है, जबकि शेष विद्यालयों को आगामी दो दिनों में जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार विद्यालयों को अपने केंद्र पर मौजूद फर्नीचर, कक्षों की संख्या, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरा और शौचालय जैसी सभी सुविधाओं का विवरण पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।
यह डाटा परीक्षा केंद्र निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर तक सभी विद्यालयों के डाटा लॉक कर दिया जाएगा, जिसके बाद केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए समिति का गठन किया जाएगा। संवाद