अकराबाद थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गांव लधौआ के पास शनिवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव अधौन फैजान (22) पुत्र चमन खां शनिवार को बाइक से थाना हसायन के गांव आमे नगला जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जीटी रोड पर अकराबाद लधौआ के बीच अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर हाईवे पर तैनात एंबुलेंस कर्मी घायल को उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे।
जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे अलीगढ़ के निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। घटना के संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।