Pray for the well being of Najib to JNU at AMU
- फोटो : amar Ujala
जेएनयू से लापता एमएससी बायोटेकभनोलॉजी छात्र नजीब अहमद की सलामती एवं सकुशल वापसी के लिए एएमयू छात्रों ने बाब-ए-सैयद पर दुआ की। जुमे की नमाज के बाद कैंपस में पीस मार्च निकालकर जेएनयू कुलपति से इस्तीफे की मांग की। साथ ही छात्रों ने भाजपा एवं एबीवीपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मार्च में एएमयू छात्र संघ के अतिरिक्त वीमेंस कॉलेज छात्र संघ की पदाधिकारी भी शामिल हुईं। एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष फैजुल हसन, उपाध्यक्ष नदीम अंसारी एवं सचिव नबील उस्मानी के नेतृत्व में जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद से बाब-ए-सैयद तक पीस मार्च निकाला गया।
प्रदर्शनकारी छात्र भाजपा एवं एबीवीपी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। हाथ में लिए पोस्टर पर ‘एएमयू स्टूडेंट विद नजीब’, ‘जेएनयू : वी आर विद यू’ आदि नारे लिखे थे। छात्रों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से दिल्ली के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को भेजा।
छात्र संघ अध्यक्ष फैजुल हसन ने कहा कि जुल्म चाहे किसी भी जाति या धर्म के छात्र के खिलाफ हो। एएमयू छात्र संघ उसके खिलाफ सदैव आवाजा बुलंद करेगा। उन्होंने छात्रों से एकता की अपील की और कहा कि एक नहीं रहे तो अपना वजूद खो देंगे।
उन्होंने कहा कि देश के तमाम सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्र संघ नेताओं का कार्यक्रम एएमयू में कराएंगे ताकि छात्रों की आवाज मजबूत हो। उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने नजीब के अपहरण पर आक्रोश जाहिर करते हुए आरोपियों को ललकारा कि तुम्हारे खाल में भूसा नहीं भर दिया तो हम भी अलीग नहीं।
उन्होंने कहा कि एबीवीपी को उसकी औकात दिखा देंगे। सचिव नबील उस्मानी ने कहा कि नजीब को गायब हुए सात दिन हो गए। आज तक जेएनयू प्रशासन ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। वीमेंस कॉलेज छात्र संघ की अध्यक्ष नगमा शरीफ ने जेएनयू प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया और कहा कि जुल्म के खिलाफ इस लड़ाई में भाईयों के साथ हैं।