वेब सीरीज तांडव का पोस्टर जलाकर विरोध प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
'तांडव' के खिलाफ लोगों के मन में उठे गुस्से की आग अब अलीगढ़ तक भी पहुंच गई है। भावनाएं आहत होने पर अलीगढ़ के रामलीला मैदान में वेब सीरीज ‘तांडव’ का पोस्टर और निर्देशक-निर्माता अली अब्बास जफर व अभिनेता सैफ अली खान का पुतला फूंका गया। इसके साथ ही मुकदमा दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर भी दी गई है।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के महानगर मंत्री संदेश राज ने बताया कि यह वेब सीरीज गत दिवस एक आनलाइन प्लेटफार्म पर रिलीज हुई थी, जिसमें देवी-देवताओं पर गलत तरीके से टिप्पणी की गई है।
रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं ने इसके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस संबंध में संदेश राज ने थाना गांधीपार्क में निर्देशक, निर्माता, लेखक, अभिनेता सैफ अली खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
इस दौरान अजय सिंह, धीरज चौहान, सोनू कुमार, सुरेश जाटव, अमित देव चौहान, कपिल वाल्मीकि, राहुल वाल्मीकि, सनी कुंज, मनोज कुमार, मनोज कठेरिया, राज कमल सोनकर, राजाराम मित्र, अतुल भारद्वाज, पुनीत, कौशल, विशाल शर्मा आदि शामिल रहे।