कोरोना को मात दे चुके तमाम लोग ठीक होने के बाद मानसिक अवसाद, कमजोरी, खुश्की, अपच, ऑक्सीजन लेबल अस्थिर रहने, खुजली समेत अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे लोगों को राहत देने के लिए स्वास्थ्य विभाग पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में पोस्ट कोविड सेंटर खोलने जा रहा है। यहाँ मौजूद डॉक्टरों की टीमें मरीजों की समस्याओं का समाधान करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी कल्याणी ने बताया कि पोस्ट कोविड सेंटर का मुख्य उद्देश्य कोविड बीमारी से उबरकर विभिन्न समस्याओं से ग्रसित लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। सेंटर में साइक्लोजिस्ट, फिजीशियन, फिजियोथैरेपिस्ट व डाइटिशियन आदि मौजूद रहेंगे। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मरीजों की समस्याओं का समाधान करेंगे। शारीरिक दिक्कतों को दूर करने के लिए फिजियोथैरेपिस्ट भी मौजूद रहेंगे। डॉक्टर मरीजों को दर्द या शरीर के किसी हिस्से के सुन्न हो जाने पर एक्सरसाइज भी कराएंगे। याददाश्त कम होने या मानसिक अवसाद का शिकार होने वाले लोगों की मदद के लिए साइक्लोजिस्ट भी रहेंगे। कुल मिलाकर सेंटर में हर समस्या के समाधान के लिए चिकित्सक मौजूद रहेंगे।