हरदुआगंज पुलिस की ओर से की गई महेश फौजी की पिटाई लोगों को रास नहीं आ रही है। पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। इसी क्रम में स्मार्ट विलेज फाउंडेशन की ओर से एक पंचायत अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। यहां पुलिस बर्बरता व फर्जी मुकदमे के खिलाफ उपस्थित लोगों में जबरदस्त आक्रोश दिखा।
पूर्व सैनिकों की मौजूदगी में फैसला लिया गया कि पुलिस फौजी पर दर्ज मुकदमा वापस ले। साथ ही दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो, तभी हम पीछे हटेंगे। वरना बड़ा आंदोलन होगा। इधर, एसएसपी ने मामले में एसपी देहात को जांच सौंपते हुए तीन दिन में रिपोर्ट तलब की है।
शनिवार को हरदुआगंज पुलिस ने आर्मी सिग्नल कोर के फौजी महेश को बर्बरता से पीटा था। साथ ही थाने में उसे हथकड़ी व जंगल में उसे जंजीर के सहारे आठ घंटे तक बांधकर रखा था। इस मामले में आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए यह पंचायत हुई।
यहां पंचों के रूप में फ्लाइट इंजी. बीके गुप्ता, कर्नल जगरूप सिंह, कैप्टन आसिम खान, सूबेदार समर सिंह व कप्तान पालीवाल ने समाजसेविका मारिया आलम की अध्यक्षता में आंदोलन की रूपरेखा बनाई। संचालन फाउंडेशन अध्यक्ष विपिन चौधरी ने किया।
यहां सीओ तृतीय ने पहुंचकर एसएसपी के प्रतिनिधि के रुप में ज्ञापन लिया, जहां तय हुआ कि पंचों की एसएसपी के साथ बैठक कराई जाएगी। इस मौके पर पीड़ित फौजी महेश का पूर्व सैनिक भाई सुभाष सिंह, सूबेदार विजयभान सिंह, राम सिंह, कैप्टन बीयू खां, हवलदार अल्लानूर, कमरुद्दीन खां, सचिन कुमार, संरक्षक एसके शर्मा, कुशलेंद्र सिंह, अश्वनी चौधरी, लकी चौधरी, पुष्पेंद्र जादौन, विपिन राघव आदि थे।