फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ में बड़ा हादसा: कैंटर में घुसी पुलिस वैन, एक दरोगा-तीन कांस्टेबल और एक कैदी की मौत, एक पुलिसकर्मी घायल

Thu, 08 May 2025 10:24 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

Aligarh Accident: न्यायालय में पेश करने के लिए कैदी को लेकर जा रही पुलिस वैन कैंटर से जा टकराई। हादसे में एक दरोगा, तीन कांस्टेबल और कैदी की मौत हो गई। एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
विज्ञापन
हादसे में क्षतिग्रस्त पुलिस वैन - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

8 मई की सुबह करीब सवा आठ बजे दिल्ली-कानपुर हाईवे पर अलीगढ़ के लोधा क्षेत्र में चिकावटी कट के पास पुलिस वैन हाईवे किनारे खराब खड़े कंटेनर में पीछे से घुस गई। इस भीषण हादसे में एक दरोगा, तीन सिपाही और एक कैदी की मौत हो गई, जबकि एक सिपाही गंभीर घायल हुआ है। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब पुलिस टीम कैदी को फिरोजाबाद जेल से मुजफ्फरनगर गैंगस्टर कोर्ट में पेशी पर ले जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। 

विज्ञापन


सीओ गभाना संजीव तोमर के मुताबिक पुलिस वैन (यूपी 83-जी 0687) सुबह 5-30 बजे फिरोजाबाद जेल से सजायाफ्ता कैदी गुलसन्नवर को मुजफ्फरनगर गैंगस्टर कोर्ट में पेशी पर ले जाने के लिए निकली थी। कैदी को एक दरोगा और चार पुलिस कर्मियों की अभिरक्षा में ले जाया जा रहा था। गाड़ी को हेड कांस्टेबल चालक चंद्रपाल सिंह चला रहे थे। गाड़ी जैसे ही चिकावटी कट के गांव रसूलपुर के पास पहुंची, अचानक से अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े खराब कंटेनर (आरजे 49-जीए 4796) में पीछे से जा घुसी। 
विज्ञापन


रफ्तार अधिक होने के कारण तेज धमाके के साथ ड्राइवर केबिन के साथ-साथ पीछे के हिस्से तक पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए। ड्राइवर केबिन में सवार चालक चंद्रपाल व दरोगा रामसंजीवन की फंसकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैदी और दो पुलिस कर्मियों को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। छठवें पुलिसकर्मी की हालत नाजुक बनी हुई है। 

सूचना पर लखनऊ तक पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन अलीगढ़ व फिरोजाबाद पुलिस के अधिकारी फॉरेंसिक टीम सहित मौके पर पहुंच गए। एसएसपी संजीव सुमन ने भी मौके का जायजा लेकर डीजीपी को पूरा अपडेट दिया। जांच पड़ताल के साथ शवों को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया। साथ में घायल के बेहतर उपचार का प्रबंध किया गया। दोपहर तक सभी मृतकों के परिजन रोते-बिलखते यहां पहुंच गए। लोधा की खेरेश्वर चौकी के दरोगा योगेश कुमार की ओर से कंटेनर के अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद सभी शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। 

फिरोजाबाद जेल से कैदी को पुलिस अभिरक्षा में मुजफ्फरनगर गैंगस्टर कोर्ट में पेशी पर ले जाया जा रहा था, तभी लोधा क्षेत्र में हाईवे पर खड़े कंटेनर में पुलिस वाहन जा घुसा। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सभी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही हैं। - संजीव सुमन, एसएसपी

ये हैं मृतक

1-दरोगा रामसंजीवन पुत्र महेशवर्धन ग्राम चटेरा करौंदा, जालौन (58 वर्ष)
2-हेड कांस्टेबल चालक चंद्रपाल सिंह पुत्र गिर्राज सिंह ग्राम मानागढ़ी नौहझील, मथुरा (54 वर्ष)
3-हेड कांस्टेबल बलबीर सिंह पुत्र स्व. दामोदर सिंह ग्राम छोटी बिर्रा सासनी हाथरस (59 वर्ष)
4-हेड कांस्टेबल रघुवीर सिंह पुत्र स्व. चतुरी सिंह ग्राम कूपा सादाबाद हाथरस (60 वर्ष)
5-कैदी गुलसन्नवर पुत्र इसरत अली ग्राम सीकरी भोपा मुजफ्फरनगर (52 वर्ष)

यह हैं घायल 
हेड कांस्टेबल शेरपाल सिंह पुत्र भूरी सिंह ग्राम बरसौली हाथरस

प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना तड़के जल्दी जागने व पुलिस वाहन के चालक के नींद आने की वजह से ही मानी जा रही है। अंदेशा यह भी है कि सड़क पर किसी जानवर को बचाने के लिए भी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़त से उतरकर आगे खड़े कंटेनर में टकराई हो। मगर सही तथ्य जांच के बाद ही उजागर होगा। इसके लिए मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम काम कर रही है।-संजीव सुमन, एसएसपी।
विज्ञापन

मृत पुलिस कर्मियों को दी गई शोक सलामी

उनि राम संजीवन, हेकां चालक चंद्रपाल सिंह, हेकां बलबीर सिंह, हेकां रघुवीर सिंह व मुलजिम गुल सनवर की असामयिक मृत्यु हो गई । अलीगढ़ जनपद पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में मृत चारों पुलिसकर्मियों के लिए शोक सलामी दी गई।
पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज अलीगढ़ प्रभाकर चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ संजीव सुमन, पुलिस अधीक्षक नगर मृगांक शेखर पाठक, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश चन्द उत्तम, पुलिस अधीक्षक अपराध ममता कुरील, सपुअ मयंक पाठक  सहित अन्य अधिकारियों तथा परिजनों द्वारा पुलिस लाइन में मृतकों के पार्थिव शरीर को पुष्पचक्र व रीट अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सेरिमोनियल गार्द द्वारा शोक सलामी दी गई, साथ ही अधिकारियों द्वारा कंधा देकर अन्तिम विदाई दी गई। परिजनों को सांत्वना देकर हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया गया । इस दौरान पूरा पुलिस परिवार गमगीन रहा ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें