गांव सिरसा निवासी योगेश पौनिया जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में तैनात हैं। उनके परिजनों ने बताया कि दो-दो दिन तक बेटे से बात नहीं हो पा रही है। योगेश की बहन उमा ने बताया कि दो दिन बाद बुधवार की सुबह 10 बजे भाई की कॉल आई थी। एक मिनट ही बात हो सकी। उमा ने बताया कि भाई ने कहा है कि मां से कहना, चिंता न करे। इसी गांव के अर्पित कुमार की सेना में हाल में ही ज्वाइनिंग हुई है। अर्पित ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा कर वह घर आए थे, लेकिन वापस बुला लिया गया है। उनकी तैनाती सिक्किम में है।
रनवीर बोले- सीमा पर बेटे का होना गर्व की बात
गांव रतरोई निवासी सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त रनवीर सिंह के तीन बेटों में दो सेना में हैं। एक की जम्मू-कश्मीर में तैनाती है। रनवीर सिंह ने एयर स्ट्राइक की सराहना करते हुए कहा कि इस समय उनका बेटा नवनीत कुमार सीमा पर तैनात है। यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि नवनीत अगले माह गांव आने वाले थे, लेकिन उनकी छुट्टी रद्द हो गई।