क्षेत्र के गांव शाहपुर में एक किसान के घर से 4.39 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से दो घंटे में चोरी का खुलासा कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। चोरी के रुपये भी बरामद कर लिए।
पीड़ित रंजन ने पिसावा थानाध्यक्ष उदयभान सिंह को फोन पर बताया कि उसके घर के कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर चार लाख 39 हजार 650 रुपये चोरी कर लिए गए हैं। रुपये गुलाबी रंग के बैग में रखे थे। थानाध्यक्ष ने मौका मुआयना करने के बाद सीओ खैर वरुण कुमार को घटना की जानकारी दी तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल कराई। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से अलग-अलग बातचीत की। पीड़ित के बेटे अंकित ने बताया कि दोनों तालों की चाभी उसकी जेब में थी। चोरी के बाद भी चाभी उसकी ही जेब में हैं। फॉरेंसिक टीम को ताला टूटने का कोई निशान नहीं मिला। बातचीत में ज्ञात हुआ कि अंकित का साला गोरई थाना क्षेत्र के गांव सकरौआ निवासी वीरेश डेढ़ वर्ष से उनके घर पर ही रह रहा है। बातचीत में वीरेश रात में तबीयत खराब होने की बात कर पुलिस को गुमराह किया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया और आरोपी के पिसावा में लिए गए किराए के कमरे से पुलिस ने चोरी की रकम बरामद कर ली। पुलिस आरोपी को न्यायालय भेजने की तैयारी में है।