एसएसपी नीरज जादौन ने कहा कि पुलिस आपकी मित्र है पुलिस से कोई भी घटना न छिपाएं। आपके आसपास होने वाली हर छोटी बड़ी घटना की जानकारी पुलिस से शेयर करें। घटनाओं को छिपाने से क्राइम बढ़ता है।
उन्होंने यह बात गांव पिलखुनी में पुलिस की साइबर क्राइम, मिशन शक्ति और यातायात नियमों का पालन करने को लेकर गोष्ठी में कहीं।कहा- मोबाइल नंबर पर आने वाली अन्जान कॉल से सावधान रहें। किसी को भी अपनी व्यक्तिगत जानकारी और ओटीपी आदि शेयर न करें। फोन पर डराकर पैसे ऐंठने वाले लोगों से सावधान रहें और पुलिस को तुरंत सूचना दें। यातायात नियमों पालन करें। कोई दुर्घटना में घायल मिले तो उसे अस्पताल पहुंचाएं, आपको इनाम दिया जाएगा। एसपी क्राइम ममता कुरील ने कहा कि नाबालिग, छात्राओं व महिलाओं के साथ कुछ गलत हो रहा है तो चुप न बैठें गलत के खिलाफ आवाज उठाएं। हिमानी तोमर, कमलेश कुमार व अमित कुमार ने भी जागरूता संदेश दिया। इस दौरान डा जन्मेजय सिंह, अन्नू चौधरी, हिमांशु मित्तल गुप्ता, कमल अग्रवाल, अमित राघव, देवेंद्र सिंह, रवि कुमार, दुर्गेश, देवेश शर्मा, प्रदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।
पुलिस चैक पोस्ट का शुभारंभ
अतरौली से पनेहरा रोड स्थित बड़ा महादेव के निकट स्थापित नव निर्मित पुलिस चैक पोस्ट का एसएसपी नीरज जादौन ने शुभारंभ किया। उद्यमी अंशू अग्रवाल ने कहा कि इस रोड पर शाम होते ही लोगों को निकलने में डर लगता था। पुलिस चैक पोस्ट स्थापित होने से लोगों को सुरक्षा महसूस होगी। काफी समय से लोग यहां पुलिस चैक पोस्ट की मांग कर रहे थे।