कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय विजयगढ़ में आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र में धांधली करके फर्जी तरीके से नौकरी करने वाली संध्या द्विवेदी की तलाश में पुलिस गांव-गांव घूमी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहीं, बैंक में खाता खुलवाने और नौकरी में आवेदन पत्र में लगे आधार कार्ड में भी अंतर है।
मैनपुरी जिले के भैंसरोली में संध्या की तलाशी में गए थाने के उपनिरीक्षक दुर्वेश कुमार ने बताया 12-13 गांव में संध्या के बारे में जानकारी ली, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। बैंक में संध्या के नाम से खाता खंगाला गया। बैंक में जो आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र लगा है, उसमें पता भैंसरोली का है, जबकि नौकरी के दौरान जो आधार कार्ड लगा है, उसका नंबर अलग है। उप निरीक्षक ने बताया कि दो मोबाइल नंबर मिले हैं। अब उन नंबरों को सर्विलांस में लगवाएंगे। भैंसरोली के प्रधान ने पत्र लिखकर दिया है कि संध्या पुत्री राम शंकर दुबे नाम की कोई महिला इस गांव में नहीं है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर जेल में बंद फर्जी नियुक्ति कराने वाले गिरोह के सरगना पुष्पेंद्र को रिमांड पर लिया जा सकता है।