अलीगढ़ जिले में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (पीईटी) छह और सात सितंबर को होगी। सीसीटीवी कैमरों की नजर में 37 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। इसमें 74304 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए शहर से ग्रामीण अंचल तक केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली की दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। केंद्रों पर 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट व पुलिस की तैनाती की गई है। 10-10 सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं।
हर परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल व पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। प्रश्नपत्रों की गोपनीय सामग्री सुरक्षित रूप से निर्धारित समय पर कोषागार से केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। विद्युत, स्वास्थ्य, पेयजल, यातायात व अन्य सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यातायात, स्वास्थ्य व सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। - संजीव रंजन, डीएम
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
अग्रसेन इंटर कॉलेज, अलबरकात पब्लिक स्कूल, आयशा तरीन मॉडर्न पब्लिक स्कूल, बाबूलाल जैन इंटर कॉलेज, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, सीबी गुप्ता सरस्वती विद्यापीठ सिंघारपुर, चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, डीएस डिग्री व इंटर कॉलेज, गगन पब्लिक स्कूल, गोपीराम पालीवाल इंटर कॉलेज, राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, गगन पब्लिक स्कूल, एचबी इंटर कॉलेज, हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, जनता इंटर कॉलेज छेरत, कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर, नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, नीहार मीरा नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल रघुवीर बाल मंदिर स्कूल, रतनप्रेम डीएवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज, एसएमबी इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल, केशव नगर गोंडा मोड़, शांति निकेतन वर्ल्ड स्कूल, एसवी कॉलेज, श्री महेश्वर गर्ल्स इंटर कॉलेज, उदय सिंह जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, टीकाराम कन्या व इंटर कॉलेज, थ्री डॉट्स पब्लिक स्कूल रमेश विहार, विश्व भारती पब्लिक स्कूल, विजडम पब्लिक स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।