जितेंद्र शर्मा
पेटीएम संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने कहा कि देश में कुछ दिनों के लिए मंदी जरूर है लेकिन केंद्र सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। कुछ दिनों बाद हम ऊंचाई पर जाएंगे। मंदी और इससे अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे असर को लेकर उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। वे मंगलवार को अपने पैतृक शहर आए थे।
सवाल: देश में इस समय मंदी का दौर है। आगे की क्या संभावनाएं हैं?
जवाब: ये तो सब डिफरेंट सायकल (विभिन्न चक्र) की बातें हैं। अलग-अलग सायकल में मंदी और तेजी आती है। बाकी देश का अर्थव्यवस्था काफी मजबूत है। लंबे समय का निवेश लाभदायी है। कुछ दिनों के लिए मंदी जरूर है लेकिन सरकार अनेक कदम उठा रही है। जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने होंगे।
सवाल: मूडीज ने हाल ही में देश की क्रेडिट रेटिंग घटाई है तथा लंबे समय तक मंदी की आशंका व्यक्त की है। ऐसे में निवेशकों पर क्या प्रभाव पडे़गा?
जवाब: ये आउटलुक रेटिंग हैं। सही स्थिति जानने के लिए हमें निवेशक का इरादा देखना चाहिए। बाजार मंदा चल रहा होता है तो निवेशक ज्यादा आकर्षित हो सकते हैं, क्योंकि दीर्घ अवधि वाली चीजें ज्यादा सस्ती मिल जाती है। इंडिया में इंवेस्टमेंट अट्रैक्शन के अभी भी बहुत सारे लोग हैं, जिनसे हम मिलते हैं। भारत में इंटरनेशनल मनी की रुचि लगातार बनी है और ज्यादा भी है। इसका कारण स्थायी सरकार, मजबूत प्रशासन तथा भारत के लांग टर्म प्रास्पेक्टस हैं। जिस तरह से अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड वार चल रहा है, उसे देखते हुए भारत की स्थिति और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है। कुल मिलाकर विश्व के अंदर जो हो रहा है उसे एक मैक्रो या माइक्रो के अंदर देख सकते हैं, लेकिन भारत के लिए यह सकारात्मक अवसर है।
सवाल: क्या यह दौर निवेशकों के लिए अच्छा मौका है?
जवाब: बेशक, यह समय निवेशकों के लिए बहुत अच्छा मौका है।