मंगलवार की शाम करीब पांच बजे रेलवे स्टेशन पर अचानक बिजली गुल होने व क्षमता से अधिक यात्रियों के लिफ्ट में सवार हो जाने से लिफ्ट बंद हो गई। इससे कई यात्री लिफ्ट में फंस गए। इस पर काफी देर तक हंगामा हुआ। काफी जद्दोजहद के बाद जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने सभी यात्रियों को लिफ्ट से बाहर निकाला।
शाम करीब पांच बजे दिल्ली से ईएमयू पैसेंजर ट्रेन रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस पर कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म संख्या तीन से दो पर पहुंचने के लिए सीढ़ियों के सहारे पहुंचे। वहां से लिफ्ट से वे प्लेटफार्म पर जा रहे थे, इसी दौरान लिफ्ट में क्षमता से अधिक यात्री सवार हो गए और तभी बिजली भी चली गई। इससे लिफ्ट फंस गई। लिफ्ट बंद होने और उसमें यात्रियों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर मौजूद रेलवे कर्मचारी, जीआरपी, आरपीएफ के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला और लिफ्ट में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उधर लोगों का कहना है कि कई दिनों से स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां भी बंद हैं, इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेलवे के अधिकारियों से बंद पड़ी स्वचालित सीढ़ियों को जल्द शुरू कराने की मांग की है।