खाद्य पदार्थों में मिलावट का खेल जिले में रुक नहीं रहा है। गभाना तहसील के कसेरू गांव में पनीर निर्माणशाला पर सोमवार को एफडीए की टीम ने छापा मारा। वहां से पॉम ऑयल से पनीर निर्माण होता पाया गया। यहां से चार टीन पॉम ऑयल के बरामद हुए। पनीर और पॉम ऑयल के नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एसडीएम गभाना और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ग्राम कसेरू स्थित सुजात अली के पनीर प्लांट पर छापामार कार्रवाई की। मौके पर 4 पॉम ऑयल के टीन बरामद किए, जिसको मिलाकर उसके द्वारा पनीर बनाया जा रहा था। पनीर प्लांट से दूध, पनीर एवं पॉम ऑयल के नमूने जांच के लिए भरे गए। इन नमूनों को लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है। पॉल ऑयल के चारों टीन सीज कर दिए गए। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह आदि शामिल रहे।