पंचायत चुनाव में कहीं कोई खूनखराबा या फसाद न हो, इसे लेकर आला पुलिस अफसर एड़ी चोटी का जोर लगाए हैं। मगर थाना स्तर पर लापरवाही कम नहीं हो रही। अब हरदुआगंज के गांव सिल्ला के लोगों ने एसपी देहात से मुलाकात कर ऐसी ही समस्या से अवगत कराया है और अंदेशा जताया है कि कहीं उनके गांव में अतरौली के जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी पर हमले जैसी कोई वारदात न हो जाए। उनके गांव में करीब 50 संगीन अपराधों में आरोपी लोगों को धमकी देता फिर रहा है।
एसपी देहात सहित एसएसपी व शासन स्तर तक लिखित शिकायत भेजकर गांव के संभ्रांत लोगों ने उस व्यक्ति की 50 संगीन मुकदमों की क्राइम हिस्ट्री भी सौंपी है, जिसमें बताया है कि वर्ष 1990 से लेकर 2018 तक लगातार उस पर किस तरह कितने संगीन मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही गांव में उसकी दबंगई के किस्सों का भी उल्लेख करते हुए बताया है कि यह अपराधी चुनाव में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।
वह लोगों को डराने व धमकाने का काम कर रहा है। कभी वह मारने की धमकी देता है तो कभी गांव से भगाने की धमकी देता है। इससे गांव का माहौल इन दिनों बेहद तनावपूर्ण है। अभी वह किस प्रत्याशी के लिए दबाव बना रहा है, यह स्पष्ट नहीं है। मगर इतना है कि लोगों से कहता है कि उसके अनुसार ही गांव में चुनाव लड़ा जाएगा। इसे लेकर एसपी देहात शुभम पटेल ने शिकायत लेकर आए लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।