अलीगढ़ में 57 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। 15 पाकिस्तानी नागरिक ऐसे हैं जिन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया हुआ है। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार के फैसले को लेकर प्रशासन जानकारी जुटाने में लग गया है।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने की घोषणा की है। इसका सीधा असर अलीगढ़ में रह रहे 57 पाकिस्तानी नागरिकों पर किस तरह पड़ सकता है, इसको लेकर जिला प्रशासन माथापच्ची में जुटा हुआ है।
विज्ञापन
ये नागरिक मुख्य रूप से पाकिस्तान से अलीगढ़ में अपने रिश्तेदारों और परिचितों से मिलने आते-जाते रहते हैं। वर्तमान में अलीगढ़ में 57 पाकिस्तानी नागरिक दीर्घकालिक वीजा (एलटीवी) पर रह रहे हैं। इनमें से कुछ ऐसे भी हैं जो बीच-बीच में पाकिस्तान जाते और आते रहते हैं।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, फिलहाल कोई भी नया पाकिस्तानी नागरिक अलीगढ़ नहीं आया है। इसके अतिरिक्त, अलीगढ़ में रहने वाले 15 पाकिस्तानी नागरिक ऐसे भी हैं जिन्होंने भारतीय नागरिकता के आवेदन कर रखा है। ये आवेदन अभी भी लंबित हैं। अप्रैल 2022 में अलीगढ़ में 17 पाकिस्तानी नागरिकों ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया था। उस समय तीन हिंदू परिवारों को नागरिकता दी गई थी, जबकि 4 मुस्लिम परिवार प्रतीक्षा में थे। केंद्र सरकार के इस ताजा फैसले के बाद इन लंबित आवेदनों के साथ रह रहे पाक नागरिकों की स्थिति क्या होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
केंद्र सरकार का वीजा संबंधी नियमों में जो भी फैसला होगा उसका स्थानीय स्तर पर क्रियान्वयन किया जाएगा। पाक नागरिकों के संबंध में सभी प्रकार का विवरण जुटाया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि कौन कब-कब आया था और उसके प्रवास की अवधि कितनी रही है। - संजीव रंजन, डीएम