मारपीट में घायल एएमयू छात्र। संवाद
एएमयू में छात्रसंघ चुनाव के लिए चल रहे आंदोलन में बाहरी युवकों ने एक छात्र को पीट दिया। छात्र की सिर और पेट में चोटें आई हैं। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया। वहीं, आठ दिन से भूख हड़ताल पर बैठे निलंबित छात्र यासिर फहद की तबीयत बिगड़ रही है।
देर शाम डक पॉन्ड पर भूख हड़ताल पर बैठे यासिर के साथ बैठने के लिए एमटेक छात्र फैसल त्यागी पहुंचे। फैसल का आरोप है कि वह यासिर का साथ देना चाहते थे, लेकिन धरना स्थल पर बाहरी युवकों ने उनसे अभद्रता कर मारपीट शुरू कर दी। थोड़ी देर में प्रॉक्टोरियल टीम पहुंच गई। इससे धरना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टीम ने पीड़ित छात्र फैसल को एंबुलेंस के जरिये मेडिकल काॅलेज पहुंचाया गया।
इस संबंध में प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने कहा कि छात्र फैसल त्यागी की बाहरी युवकों ने पिटाई की है। उनके सिर और पेट में चोट आई है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया है। पीड़ित छात्र ने तहरीर दी है। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि रास्ता न बंद करें, क्योंकि इसी रास्ते से जेएन मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में एंबुलेंस से मरीज जाते हैं। मरीजों के साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी परेशानी हो रही है।