हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक
- फोटो : संवाद
चार जगह से टूटा कूल्हा, दिल्ली रेफर
शालिनी के पति नीरज वर्मा हिंदु युवा वाहिनी के महानगर उपाध्यक्ष हैं। नीरज वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी का कूल्हा चार जगह से टूट गया है। डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर की सलाह दी है। वहीं बेटी उर्वशी के हाथ, पैर के अंगूठे, नाक, होंठ और पसलियों में फ्रैक्चर आया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह पुलिसकर्मियों के लाइसेंस तुरंत रद्द किए जाने चाहिए।
त्योहार पर सख्त सुरक्षा का दावा, लोग बोले 40 मिनट देरी से पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घटना के बाद जब राहगीरों ने बच्ची और महिला को बचाने पर ध्यान दिया तो गाड़ी सवार चारों युवक भाग खड़े हुए। पुलिस और एंबुलेंस को भी कॉल किया गया लेकिन उन तक मदद पहुंचने में करीब 40 मिनट का वक्त लग गया। त्योहार पर जगह जगह सुरक्षा के मजबूत बंदोबस्त होने का दावा किया जा रहा था, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि त्योहार की रात पुलिस की लापरवाही देखने को मिली। अगर समय पर मदद मिलती तो चारों को घटनास्थल पर ही पकड़ा जा सकता था। क्वार्सी निवासी ज्योति ने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे, तो ऐसी घटनाएं होती हैं। जनता की सुरक्षा की उम्मीद किससे की जाए?
एटा के रिटायर्ड दरोगा का बेटा चला रहा था कार
घटनास्थल पर एसपी सिटी आदित्य बंसल ने कहा कि यह घटना वाकई काफी गंभीर है। कार में जो भी लोग सवार थे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी में यह पता चल गया है कि ब्रेजा कार एटा के गांव नगला नाथा निवासी रिटायर्ड दरोगा गुरेश बाबू के नाम पंजीकृत है। कार रिटायर्ड दरोगा का बेटा चला रहा था। घटना के बाद वह कार छोड़कर भाग गया। कार ने कई दोपहिया वाहन सवारों को टक्कर मारी है। कार में मिले सामान की वीडियोग्राफी कराई गई है। तीनों घायलों को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया है।
वर्दी में था कार सवार, पी रखी थी शराब
मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल उर्वशी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के साथ कृष्णा टोला से रामघाट रोड जा रही थीं। रास्ते में सामने से रॉन्ग साइड पर आ रही सफेद रंग की ब्रेजा कार एक वर्दी पहना पुलिसकर्मी चला रहा था। उसने शराब पी रखी थी। इस भीषण टक्कर में उनकी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उनका फोन भी टूट गया। इसके अलावा, उनके पर्स में रखे करीब चार से छह हजार रुपये भी चोरी हो गए।
कार की टक्कर से ये भी हुए घायल
कार की टक्कर से बाइक सवार मिथिला पुरी निवासी ध्रुव, सूरज बृजेश और स्कूटी सवार सुरेंद्रनगर निवासी मनीष भी घायल हुए हैं इन्हें दिनेश शर्मा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।