सौ शैया युक्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को नियमानुसार प्रतिदिन भोजन में दूध, अंडा, ब्रेड-मक्खन, उबले चना, चाय, हरी सब्जी, दाल रोट, दलिया, खिचड़ी आदि मिलनी चाहिए। पर यह नहीं मिलता। प्रतिदिन सुबह-शाम दलिया जबकि दोपहर में दो रोटी और दाल दी जा रही है। दाल भी ऐसी कि जीरे का उबला पानी अधिक लगती है।
अवंतीबाई चौराहा स्थित इस सौ शैया वाले जिला अस्पताल में अतरौली के अलावा जवां और जिले की सीमा से सटे बुलंदशहर जनपद के कई गांवों के मरीज दवा लेने आते हैं। अस्पताल में करीब 50 मरीज वार्ड में भर्ती रहते हैं। भर्ती मरीजों के खाने में ही गोलमाल के आरोप मरीज और उनके तीमारदार लगा रहे हैं। मरीज-तीमारदार बताते हैं कि सुबह मीठा दलिया, दोपहर में दो रोटी और दो चमचा दाल मिलती है। शाम में नमकीन दलिया दिया जाता है। न सुबह नाश्ता मिलता है, न चाय अथवा दूध।
धूल फांक रहे हैं जरूरी उपकरण
सौ शैया अस्पताल में वार्ड 126 के सामने नर्सिंग स्टाफ के बैठने वाले स्थान में महंगे और जरूरी उपकरण रखे हैं। देखरेख के अभाव में यह धूल फांक रहे हैं। मरीजों की सुविधा के काम में इन्हें नहीं लिया जा रहा है।
कर्मचारी की कार धोने का वीडियो सुर्खियों में
अस्पताल के एक कर्मचारी की कार धोते हुए एक कर्मचारी का वीडियो सुर्खियों में है। एक कर्मचारी अपनी कार से अस्पताल आता है।उसकी कार को अस्पताल के ही एक कर्मचारी को रोजाना धोना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को कार धोने का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
- चार दिन से अस्पताल में भर्ती हूं। खाने में रोजाना दलिया और दाल-रोटी मिलती है। घर से खाना मंगाना पड़ता है। - राधिका, खानपुर।
- सुबह मीठा दलिया, दोपहर में रोटी-दाल और शाम को नमकीन दलिया मिलता है। इसके अलावा कुछ नहीं। - मोती, चैंडौला सुजानपुर।
- राेजाना एक ही चीज दी जा रही है वह भी घटिया क्वालिटी की। शासन के आदेश के अनुसार खाना दिया जाना चाहिए। - सरोज, ढैंकुरा।
वार्ड में भर्ती मरीजों को खाना नियमानुसार दिया जाना चाहिए। वर्तमान में क्या खाना दिया जा रहा है इसकी जानकारी कर व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। - डॉ. दिनेश खत्री, एसीएमओ।