अलीगढ़ जंक्शन पर यात्रियों को जागरुक करते आरपीएफ के जवान । संवाद
- फोटो : samvad
अलीगढ़। गंगा दशहरा पर ट्रेनों में उमड़ी भीड़ और यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाली अव्यवस्थाएं उजागर होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। अमर उजाला में प्रकाशित उस खबर का असर बुधवार को स्टेशन परिसर में साफ दिखाई दिया, जिसमें यात्री ट्रेन की खिड़कियों से अंदर घुसते नजर आए थे।
खबर प्रकाशित होने के अगले ही दिन अलीगढ़ से लेकर प्रयागराज और दिल्ली तक अलग-अलग रेलवे जोन के सोशल मीडिया ग्रुपों में तस्वीरें और खबर तेजी से वायरल हुईं। इसके बाद अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए।
बुधवार से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया। जवान हाथों में माइक लेकर यात्रियों को लगातार सावधानी बरतने की अपील करते रहे।
घोषणाओं में यात्रियों से कहा गया कि खिड़कियों से ट्रेन में चढ़ने की कोशिश न करें, पहले उतरने वालों को रास्ता दें और अपने सामान, मोबाइल व पर्स का विशेष ध्यान रखें। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी धीरज चौधरी ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भीड़ के दौरान होने वाले हादसों और अव्यवस्था को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।