धनीपुर मंडी में रखी ईवीएम मशीनों की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ के जवान।
- फोटो : CITY OFFICE
विधानसभा चुनाव के दस फरवरी को हुए मतदान के बाद मतपेटिकाएं धनीपुर मंडी में बने स्ट्रांग रूम में रखवा दी गई हैं। सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स लगी है। सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशियों के साथ ही बसपा प्रत्याशियों के समर्थकों ने मंडी में शिविर लगाकर निगरानी का काम शुरू कर दिया है। लेकिन कांग्रेस समेत अन्य दलों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों ने अब तक कैंप के लिए आवेदन नहीं किया है।
विधानसभा चुनाव 2022 के लिए दस फरवरी को मतदान हुआ था। इसके बाद मतपेटिकाएं विधानसभा वार कड़ी सुरक्षा में धनीपुर मंडी में रखवा दी गई हैं। सुरक्षा के लिए यहां पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की भी तैनाती है। इसके बावजूद चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों को प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भरोसा नहीं है। सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशियों व बसपा प्रत्याशियों ने मंडी में कैंप लगाने के लिए मतदान के अगले ही दिन आवेदन कर दिया था। शनिवार देर सायं अनुमति मिल गई। अब रविवार से दोनों पार्टियों के तीन-तीन समर्थक मंडी में मौजूद रहकर ईवीएम की रखवाली में जुटे हैं। एडीएम सिटी राकेश पटेल ने बताया कि दोनों पार्टियों के प्रत्याशियाें के तीन-तीन समर्थकों को कैंप लगाकर ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी की अनुमति दे दी गई है। कांग्रेस समेत अन्य दलों की ओर से कोई आवेदन नहीं आया है।