अलीगढ़ के जमालपुर क्षेत्र के एक युवक पर स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर एक करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। वह एक नौकरी के नाम पर आठ से दस लाख रुपये ऐंठता था। लोगों से पैसे लेकर उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया करता था।
इतना ही नहीं उसने शिकारपुर सीएचसी में लोगों को ट्रेनिंग तक कराई। मगर, जब लोगों को उस नियुक्ति पत्र के आधार पर नौकरी नहीं मिली तो उन्होंने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस खेल में उसके पिता और दो भाई के शामिल होने की बात सामने आ रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।
थाना सिविल लाइंस के जमालपुर नाला रोड निवासी वसी अहमद पुत्र शकील अहमद पर ठगी का आरोप लगा है। वसी अहमद ने फार्मास्सिट की पढ़ाई की है। वह एक दवा कंपनी में एमआर भी रह चुका है। इधर, उसके पिता शकील अहमद स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड हैं।
छोटा भाई सादाब उर्फ सद्दाम शिकारपुर सीएचसी में डेंटिस्ट है और दूसरा भाई नईक अहमद खेल शिक्षक है। आरोप है कि यह सभी लोग मिलकर नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी के गिरोह का संचालन कर रहे थे।