रविवार की रात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में वरमाला के समय दूल्हा स्टेज पर इंतजार ही करता रह गया और दुल्हन ने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। दुल्हन की इस हरकत से युवक-युवती के परिजनों के साथ ही बाराती भी सन्न रह गए। कुछ देर के लिए अफरातफरी सा माहौल बन गया। बाद में दुल्हन की छोटी बहन को शादी के लिए राजी कर भांवर पड़ी और तड़के पहर ही बारात विदा हो गई। उधर पुलिस दुल्हन (बड़ी बहन) के प्रेमी को पकड़कर कोतवाली ले गई और शांतिभंग में चालान कर दिया, जिसको एसडीएम कोर्ट ने रिहा कर दिया।
बताते हैं कि जनपद एटा के थाना जलेसर क्षेत्र से यह बारात अतरौली के जिरौली धूमसिंह चौकी क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को आई थी। बारात चढ़त के बाद दरवाजे पर रस्में पूरी हुईं। बाराती दावत खा रहे थे। उधर वरमाला की तैयारियां शुरू हो गईं। दूल्हा भी स्टेज पर पहुंच गया। इसी बीच दुल्हन चकमा देकर पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और प्रेमी के गले में ‘वरमाला’ डाल दी। दुल्हन को उसके कमरे से लापता देखकर परिजन परेशान हो गए। कुछ देर में पता चला कि दुल्हन अपने प्रेमी के घर पर है।
परिजन वहां पहुंचे और घर चलने के लिए कहा तो उसने प्रेमी को वरमाला पहनाने की बात कहते हुए घर जाने से मना कर दिया। उधर यह बात बारातियों तक पहुंच गई। स्टेज पर बैठा दूल्हा और बाराती भी सन्न रह गए। अफरातफरी सी मच गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। इसी बीच कुछ रिश्तेदारों की पहल पर दुल्हन की छोटी बहन से शादी कराने का रास्ता निकाला गया। परिजनों के समझाने पर छोटी बहन मान गई। देर रात छोटी बहन के साथ भांवर पड़ी और दुल्हन को लेकर बारात विदा हो गई।