रूस-यूक्रेन युद्ध के बहाने शहर में कुछ व्यापारी मुनाफा भुनाने में लग गए हैं। बाजार में जमाखोरी और सट्टेबाजी भी जोरों पर हैं। फुटकर बाजार में रिफाइंड, दाल, वनस्पति घी, सरसों तेल आदि पर दस से पंद्रह रुपये की तेजी है। थोक व्यापारियों का कहना है कि बाजार में किसी प्रकार की तेजी नहीं है। जिले में खाद्य सामग्री का स्टॉक पूरा है। एक-दो रुपये का फर्क रोजाना रहता है। इससे ज्यादा कोई तेजी नहीं है।
महावीर गंज स्थित दाल बाजार के व्यापारियों ने बताया कि दाल बाजार पर इस विवाद का कोई असर नहीं हैं, क्योंकि मांग के सापेक्ष प्रदेश में उपलब्धता पर्याप्त है। रबी की फसलों का बाजार में आना शुरू हो गया है। अप्रैल तक पूरी तरह से बाजार में पहुंच जाएंगी। तेल व्यापारियों ने बताया कि रिफाइंड, वनस्पति घी पर भी कोई तेजी नहीं है। सूरजमुखी का तेज जरूर आयात होता है। लेकिन उसे खाने वालों की तादाद बहुत कम है। सूरजमुखी के तेल पर 10 से 20 रुपये की तेजी जरूर है।
दालों पर रेट उल्टा गिरे
महावीर गंज खाद्यान्न व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि पहले की तुलना में दाल के दाम कम हुए हैं। यूक्रेन से सिर्फ मटर आती है। पिछले कुछ समय से देश में इसका उत्पादन हो रहा है। इसलिए मटर दाल पर भी दस रुपये की कमी आई है। जिले में दालों का भरपूर स्टॉक है। चेन्नई और मुंबई स्थित बंदरगाहों पर व्यापारियों का माल पड़ा है। ऐसे में तेजी का कोई कारण नहीं है। हो सकता है कि कुछ व्यापारी बाजार में झूठी तेजी लाने की कोशिश कर रहे हों।
रिफाइंड पर हल्की तेजी, लेकिन पुराना स्टॉक भरपूर
रिफाइंड व वनस्पति घी के थोक व्यापारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रिफाइंड के रेट रोजाना घटते-बढ़ते रहते हैं। रिफाइंड व वनस्पति घी पर दो से पांच रुपये की तेजी तो चलती रहती है। ऐसी कोई खास तेजी बाजार में नहीं है। जिससे ग्राहकों को परेशान होने की जरूरत है।
सोने का भाव उतरा
शनिवार को फूल बाजार स्थित सराफा बाजार में सोने का भाव 51 हजार 250 रुपये रहा। स्वर्णकार मनीष वर्मा ने बताया कि रूस-यूक्रेन विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को सोने का भाव 53 हजार के पार गया था। लेकिन शुक्रवार से नीचे आना शुरू हो गया है। शनिवार को सोने का भाव 51 हजार 250 प्रति दस ग्राम के आसपास रहा। जेवर वाले सोने का भाव 48 हजार 600 रुपये प्रति दस ग्राम रहा।
- कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जो लोग मुनाफाखोरी कर रहे हैं, उनके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। - राकेश कुमार पटेल एडीएम सिटी
वर्तमान में फुटकर बाजार में दाल
दाल दाम प्रति किलो
उड़द 100 से 110 रुपये
मूंग 95 से 100 रुपये
अरहर 100 से 110 रुपये
मटर 75 रुपये
वर्तमान में थोक में दालों के दाम
दाल अब पहले
उड़द 75 से 90 रुपये 78 से 94 रुपये
मूंग 80 से 88 रुपये 78 से 86 रुपये
अरहर 75 से 92 रुपये 80 से 100 रुपये
मटर 65 से 75 रुपये 72 से 88 रुपये
फुटकर बाजार में तेल के दाम
खुला 160 से 170 रुपये प्रति किलो
पैकेट 160 से 170 रुपये प्रति लीटर
वनस्पति घी 160 से 165 रुपये प्रति लीटर
पॉम ऑयल 155 से 160 रुपये प्रति लीटर
सरसो तेल 170 से 180 रुपये प्रति लीटर
सूरजमुखी 180 से 200 रुपये प्रति लीटर
थोक बाजार में तेल के दाम
खुला 150 से 160 रुपये प्रति किलो
पैकेट 150 से 155 रुपये प्रति लीटर
वनस्पति घी 160 रुपये प्रति लीटर
पाम ऑयल 140 रुपये प्रति लीटर