एसएसपी मुनिराज जी ने कहा कि लोगों को चालान व दुर्घटना से बचना है तो पांच मूल मंत्र अपनाएं।
सोमवार को उन्होंने हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल में यातायात जागरूकता माह व सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहा कि जो पांच मूल मंत्र हैं, वह नशे में वाहन न चलाना, हेलमेट का प्रयोग करना, मोबाइल या अन्य ध्यान बंटाने वाली सामग्री का प्रयोग न करना, तीव्र गति से गाड़ी न चलाना, सीट बेल्ट का प्रयोग करना है। एसएसपी ने नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए।
स्कूल के सचिव डॉ. राकेश नंदन ने कहा कि कोविड-19 से स्कूल में कोई गतिविधि हो नहीं पा रही थी, लेकिन इस कार्यक्रम से स्कूल में पुन: ऊर्जा का संचार हो उठा है। आरटीओ व परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक वाहन स्वामी घर बैठे ही परिवहन विभाग की वेबसाइट से अपने वाहन, ड्राइविंग लाइसेंस की स्थिति जान सकता है। कुछ अशिक्षित मौका परास्त लोग जो दफ्तर के बाहर लोगों को गुमराह करते हैं, उनके जाल में आने की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन की नंबर प्लेट डिजिटल माध्यम से बनायी जा रही है। अतिथियों का स्वागत प्रबंधन समिति की शीतल नंदन, वीके चौधरी ने किया। इस अवसर पर यातायात पुलिस अधीक्षक सतीश चंद्र, क्षेत्रीय अधिकारी यातायात देवी गुलाम सिंह, आरटीओ फरीदउद्दीन, सहायक आरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी, टीआई केपी गौड़, हेरिटेज इंटरनेशनल बिजनेस स्कूल बीएड विभाग की प्राचार्या डॉ. शर्मिला कुद्दसी, स्कूल की प्रधानाचार्या किरन त्रिपाठी, उप प्रधानाचार्य शिव कुमार गौतम, प्रीमियर नगर शाखा की प्रधानाचार्या जयमाला वर्मा आदि मौजूद रहे।