पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह गुड्डू के दोनों बेटों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करने के बाद प्रशासन ने अब खुद उनके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई को नोटिस जारी किया है। जिसे इलाका पुलिस ने तामील भी करा दिया है। इस मामले में एडीएम सिटी के न्यायालय में पांच फरवरी को तलब किया गया है। जहां दोनों पक्षों की सुनवाई होगी।
एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल के न्यायालय ने चुनाव के मद्देनजर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे दीपक चौधरी व कार्तिक चौधरी के खिलाफ छह-छह माह के लिए जिला बदर करने की कार्रवाई की है। उधर बृहस्पतिवार को एडीएम सिटी के न्यायालय से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू के खिलाफ भी गुंडा एक्ट में निरुद्ध करने को नोटिस जारी किया गया। कई थानों में दर्ज मुकदमों को आधार बनाते हुए पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की संस्तुति करते हुए अपनी रिपोर्ट दी है। एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि इस मामले में पांच फरवरी को न्यायालय में सुनवाई होगी। नोटिस को इलाका पुलिस के माध्यम से तामील करा दिया गया है।