नोट के लिए ऊपर कोट और खैर रोड पर हंगामा
- फोटो : Rupesh
रिजर्व बैंक द्वारा नए नोटों की खेप न भेजे जाने के कारण बैंकों में नगदी संकट खड़ा हो गया है। जनपद की 70 फीसदी से अधिक बैंकों में नगदी लगभग खत्म हो गई है। इसके चलते महानगर में दिनभर गुस्साए ग्राहकों का तांडव रहा। ऊपरकोट इलाके में पैसा न मिलने से गुस्साई महिलाओं ने जाम लगाकर डाकघर की गाड़ी रोक दी तो खैर रोड स्थित जीडी पब्लिक स्कूल में पीएनबी शाखा के बाहर कैश खत्म होने से गुस्साए ग्राहकों को संभालने के लिए पुलिस को माइक का सहारा लेना पड़ा। एटीएम में लंबी लाइन लगी रही तो झड़पों का दौर भी जारी रहा।
ऊपरकोट इलाके में ग्रामीण बैंक आफ आर्यावर्त में नगदी खत्म होने का बोर्ड देखकर घंटों से लाइन में लगी महिलाओं व पुरुषों की भीड़ में आक्रोश फैल गया गुस्साई महिलाओं ने बैंक के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। इस बीच मौके पर आई डाक विभाग की गाड़ी को भी घेरकर नारेबाजी की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। जाम के दौरान राहगीर एवं ग्राहकों में जमकर झड़पें हुईं। इधर खैर रोड स्थित जीडी स्कूल की पीएनबी शाखा में कैश खत्म होने के बाद ग्राहकों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने न केवल बैंककर्मियों की जमकर लानत-मलानत की, बल्कि बैंक के बाहर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को माइक लगाकर व्यवस्था संभालनी पड़ी। जिले की अन्य बैंकों में भी नगदी खत्म होने के बोर्ड आम रहे।
कैश न होने के चलते एटीएम भी लोगों की मद्द नहीं कर सके। 80 फीसदी से अधिक एटीएम में कैश खत्म नजर आया तो इनमें से दर्जनों का शटर लगा दिखाई दिया।