अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ मंडलायुक्त अजयदीप सिंह और कुलपति प्रोफेसर तारीक मंसूर ने कबूतर और बैलून उड़ा कर किया। इस टूर्नामेंट में 75 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मैच अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी बरेली के बीच खेला जा रहा है।
आज कुल 6 मैच खेले जाएंगे। आईआईएमटी मेरठ और दून यूनिवर्सिटी देहरादून, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी नई दिल्ली व चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी भिवानी, बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी और जी बी पंत यूनिवर्सिटी, श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी कटरा और भटिंडा यूनिवर्सिटी, मुरथल सोनीपत और उत्तराखंड यूनिवर्सिटी हरिद्वार के बीच आज मुकाबला होने जा रहा है।
इससे पूर्व उद्घाटन समारोह में मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने टूर्नामेंट के दौरान प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के फैसले का स्वागत किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत के लिए यह जरूरी है। कुलपति प्रोफेसर तारीक मंसूर ने कहा कि नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी में भाग लेने वाले खिलाड़ी ही आगे चलकर नेशनल व इंटरनेशनल लेवल पर पहचान बनायेंगे। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी में कपिल देव, मदनलाल, कीर्ति आजाद जैसे खिलाड़ी खेल चुके हैं।