Students Build Road In Aligarh: अलीगढ़ में तीन स्कूलों के छात्रों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर श्रमदान किया। 500 मीटर की सड़क के लिए नेताओं और अफसरों से गुहार लगाई थी, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। सुनवाई न होने पर छात्र और ग्रामीण खुद ही फावड़ा लेकर उतर आए।
Aligarh Development Issue: सवाल 500 मीटर सड़क का था। अफसरों से गुहार लगाई। नेताओं के चक्कर काटे। लेकिन हर जगह से एक ही जवाब मिला...फिलहाल बजट नहीं है। बस हर जगह से मिलने वाले इसी जवाब ने छात्रों को परेशान कर दिया।
विज्ञापन
ग्रामीणों के साथ मिलकर फावड़ा थामा और तैयार कर लिया तीन स्कूलों तक जाने वाला रास्ता। इस रास्ते से हर रोज 1500 विद्यार्थियों का आना जाना होता है। अभी तक कीचड़ के बीच से बच्चे निकल रहे थे।
ग्राम पंचायत अहलाद के मजरा कमंडलपुर में आबादी से करीब 500 मीटर की दूरी पर तीन निजी इंटर कॉलेज हैं। इन तीनों में करीब 1500 विद्यार्थी पढ़ते हैं। वैसे तो इन विद्यालयों तक जाने वाला रास्ता पहले से ही खराब था लेकिन बरसात ने स्थिति और भी बिगाड़ दी थी।
विज्ञापन
जलभराव से रास्ते में कीचड़ हो गया। बच्चे निकल भी नहीं पा रहे थे। कहीं ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठकर रास्ता पार करते तो कभी बैलगाड़ी का सहारा लेते। ग्रामीणों ने पहले ग्राम प्रधान से सड़क दुरुस्त कराने की मांग की। मगर उन्होंने बजट न होने की बात कही।
अफसर भी केवल आश्वासन ही देते रहे। इस पर तीनों कॉलेजों के छात्रों ने खुद ही सड़क दुरुस्त करने की ठान ली। बुधवार को फावड़ा लेकर उतरे छात्रों ने सड़क का एक बड़ा हिस्सा दुरुस्त कर लिया है। अभी लगातार दो दिन तक श्रमदान होगा।
विधायक समेत कई नेताओं तक गए थे ग्रामीण
स्थानीय निवासी ओमप्रकाश सिंह, रमेशचंद्र, हरिकेश, दिनेश, भीकंबर गौतम, हिमांशु कुमार, अमित कुमार, भगवान सिंह, कुलदीप सिंह, लोकेश आदि ने बताया कि समस्या के बारे में विधायक राजकुमार सहयोगी तक वह लोग गए। कई दूसरे नेताओं के सामने भी मुद्दा रखा। अफसरों से जब भी कहा वहां से बार बार दिखवा रहे हैं। जल्द ही समस्या का समाधान होगा यही आश्वासन मिलता रहा।
छात्रों की लगन से ग्रामीणों में भी उत्साह
ग्राम प्रधान राजकुमार ने बताया है कि विद्यार्थियों की लगन से ग्रामीणों में भी उत्साह पैदा हुआ है। ग्राम पंचायत निधि से मार्ग का निर्माण संभव नहीं है फिर भी अधिकारियों से वार्ता कर अन्य निधियों से सहायता लेकर मार्ग के निर्माण के लिए और प्रयास किए जाएंगे।