खराब रास्ता, जलभराव और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर नीवरी मोड़ पर चल रहा धरना नवें दिन समाप्त हो गया।
बुधवार को धरना स्थल पर कोल विधायक हाजी जमीरउल्लाह पहुंचे। उन्होंने खुशी खुशी लोगों से ईद मनाने का आह्वान किया और जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान के लिए आश्वासन दिया। इसके बाद ही धरना समाप्त करने का फैसला लिया गया। साथ ही विधायक जमीरउल्लाह ने नीवरी मोड़ की समस्या को लखनऊ तक पहुंचाया और वहां संबंधित मंत्रालय में जल्द विकास कार्य शुरू करवाने की बात कही। साथ वहां मुख्य विकास अधिकारी डीएस सचान भी पहुंचे और कहा कि जल्द से जल्द क्षेत्र में विकास कार्य की शुरुआत कराई जाएगी।
लोगों ने एडीओ पंचायत को हटाने की मांग भी की। हाजी जमीरउल्लाह ने कहा कि यह बडे़ ही खेद का विषय है कि एक वर्ष से नीवरी अलहदादपुर लोहिया ग्राम में शामिल है। लेकिन इसके बाद भी यहां पर विकास कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए जोभी अधिकारी दोषी हैं उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने भी भरोसा दिलाया कि आपके द्वारा जो भी समस्याएं विधायक महोदय को बताई हैं उनका जल्द समाधान करा दिया जाएगा।
सपा नेता बाबा फरीद आजाद ने कहा कि विकास कार्य कराने में जो भी अधिकारी आना कानी करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
इस मौके पर याकूब, डॉ. बंटी, गुलशेर, नवाब खां, नत्थी खां, भूरा, खालिद, पप्पू, यामीन खां, एए खान, राजू, मो. आजाद, लुकमान, मो. इरफान, इमामुद्दीन, मो. शरीफ आदि ने एडीओ पंचायत को हाटने की मांग की। धरना समाप्त होने के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।