घटनास्थल पर जांच करते एसडीएम गभाना केबी सिंह व सीओ समुन कनौजिया
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ के चंडौस में रविवार को मध्यरात्रि बुलंदशहर की सीमा पर स्थित गांव किनुआं की गौशाला से नौ गोवंश लापता हो गए। इनमें से तीन गोवंश के अवशेष गौशाला के समीप ही खेतों पर पड़े मिले। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, विहिप गो सेवा विभाग के कार्यकर्ताओं सहित सीओ और एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सोमवार की सुबह करीब पांच बजे किनुआ निवासी सेवक गौशाला में पहुंचे तो वहां नौ गोवंश लापता थे। गौशाला की जाली टूटी थी। यह देखकर उन्होंने ग्राम प्रधान को जानकारी दी। प्रधान ने तत्काल थाना पुलिस को खबर दी। उधर ग्रामीण बड़ी संख्या में गोशाला में पहुंच गए। किसी ने सूचना दी तो विश्व हिंदू परिषद गो सेवा विभाग के खैर जिलाध्यक्ष परमेशवर भारद्वाज भी कार्यकर्ताओं सहित पहुंच गए। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की जिस पर एसडीएम गभाना केबी सिंह व सीओ गभाना सुमन कनौजिया भी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर बरामद अवशेष उसमें गड़वा दिए। ग्रामीणों ने घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई सहित गौशाला को कहीं और स्थानांतरित करने की मांग की। एसडीएम व सीओ ने बचे गोवंश को वीरपुरा की गौशाला में गाड़ियों से भिजवाया तब ग्रामीण शांत हुए। विहिप गो सेवा विभाग के खैर अध्यक्ष परमेश्वर भारद्वाज ने हर हाल में 30 अगस्त तक मामले का खुलासा कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया।
ग्राम प्रधान की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना में बुलंदशहर पुलिस की भी मदद ली जा रही है। -सुमन कनौजिया, सीओ गभाना।
किनुआं की गौशाला गांव के बाहर जंगल में स्थित है। ग्रामीणों की मांग पर सोमवार को यहां मौजूद गोवंश को वीरपुरा की गोशाला में स्थानांतरित करा दिए गए हैं। गोशाला से गोवंश लापता कैसे हुए और तीन गोवंश के अवशेष बरामदगी के मामले पर पुलिस की टीम जांच में लगी है। -केबी सिंह, एसडीएम गभाना।