फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh: प्रसव के दौरान नवजात की मौत, भाजपा नेताओं ने किया हंगामा, डॉक्टर पर इरादतन हत्या का आरोप, दी तहरीर

Mon, 20 Nov 2023 09:30 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

मोहनलाल गौतम महिला अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की नवजात बच्ची की मौत हो गई।  भाजपा नेताओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। डॉक्टर पर इरादतन हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है।
विज्ञापन
मोहनलाल गौतम महिला अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही को लेकर सीएमएस के कार्यालय में हंगामा करते भाजपा प - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की नवजात बच्ची की 20 नवंबर को मोहनलाल गौतम महिला अस्पताल में मौत हो गई। इसे लेकर अस्पताल में बखेड़ा हो गया। महिला के परिवार के समर्थन में आए भाजपाइयों ने हंगामा किया। ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर पर खिसियाहट में इरादतन नवजात की हत्या का आरोप मढ़ दिया। दोपहर में घंटों चले हंगामे को किसी तरह अस्पताल की सीएमएस व पुलिस ने शांत कराया। मामले में डॉक्टर के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई है। जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन


हुआ यूं कि नगला मसानी पारो वाली गली के राहुल माहौर अपनी नौ माह की गर्भवती पत्नी कुमकुम को प्रसव के लिए सुबह साढ़े पांच बजे मोहनलाल गौतम महिला अस्पताल पहुंचे। यहां इमरजेंसी में मौजूद स्टाफ से उपचार के लिए कहा तो उन्होंने जांच की बात कह दी। महिला को काफी दर्द हो रहा था। इस पर उन्होंने जांच कराई। इसके बाद फिर प्रसव के लिए अनुरोध किया। मगर कह दिया गया कि डॉक्टर साढ़े आठ बजे आएंगी, तभी कुछ हो पाएगा। 

काफी इंतजार के बाद डा.चंचल वार्ष्णेय वहां पहुंचीं। उनसे मरीज को देखने के लिए कहा तो उन्होंने जवाब दे दिया कि अगर ज्यादा जल्दी है तो प्राइवेट अस्पताल में जाकर दिखा लो। पहले रिपोर्ट लेकर आएं। फिर नौ बजे रिपोर्ट भी लाकर दे दी। इसके बाद एचआईवी रिपोर्ट होने के बावजूद उसकी रिपोर्ट को लेकर डांट फटकार शुरू कर दी। इस पर राहुल ने सीएमएस से शिकायत कर दी। सीएमएस ने डॉक्टर को फोन कर दिया। आरोप है कि इसी बात पर डाक्टर खिसिया गईं और यह कहते हुए कुमकुम को ऑपरेशन थियेटर में ले गईं कि तू बहुत नेतागिरी कर रहा है। आज तुझे ही देखती हूं। इस दौरान कई कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए और दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मृत बच्ची पैदा हुई। 

विज्ञापन
विज्ञापन

इस पर राहुल का आरोप है कि डॉक्टर ने खिसियाहट में जानबूझकर लापरवाही करते हुए उसकी बच्ची की हत्या की है। इसे लेकर हंगामा शुरू हो गया। इस बीच खबर पर राहुल के रिश्तेदार भाजपा नेता संजू बजाज, संजय गोयल, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता आदि तमाम भाजपाई व राहुल के परिजन आ गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग रखी। इधर, अस्पताल का स्टाफ लामबंद हो गया। 

इस सूचना पर सीएमएस डा.तैय्यब खान व इंस्पेक्टर बन्नादेवी आदि पहुंच गए। करीब दो घंटे तक अस्पताल में हंगामा व वार्ता का दौर चला। डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग के विरोध में अस्पताल के स्टाफ ने कह दिया कि अगर पुलिस ने डॉक्टर को हाथ लगाया तो सभी स्टाफ के लोग भी साथ थाने जाएंगे। बाद में किसी तरह समझाकर सभी को शांत किया गया। राहुल की ओर से लिखित में डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी गई है। जिस पर पुलिस ने जांच की बात कह दी है। हालांकि देर शाम दोनों पक्षों में माफी के प्रयास भी चल रहे थे।
मामले में बच्चे की मौत मुंह में पानी जाने से होना पाया गया है। इसलिए ऑपरेशन करना पड़ा। पीड़ित पक्ष का देरी व लापरवाही का आरोप है। इसे लेकर प्रारंभिक जांच कराई जाएगी। मौत के कारण स्पष्ट होने पर कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।-डा.तैय्यब खान, सीएमएस महिला अस्पताल
मेरे ऊपर आरोप निराधार लगाया गया है। परिवार को बताया गया था कि बच्चे के मुंह में गंदा पानी चला गया है। यह बात रिपोर्ट में ही बता दी गई थी। इसी वजह से मौत हुई है।-डा.चंचल वार्ष्णेय 

पहले बच्चे का घर में था इंतजार, अब कोहराम
कुमकुम पहली बार गर्भवती हुई थी। उसके प्रसव और बच्चे के घर आने को लेकर बेसब्री से इंतजार हो रहा था। मगर बच्ची की मौत हो गई। परिवार के आरोप के अनुसार ऑपरेशन में देरी व लापरवाही के चलते नवजात की मौत हुई है। इससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बाकी महिला अभी भरती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें