अलीगढ़ जिले में गोरई नाम से एक थाना और बनेगा। इगलास थाने में से 111 गांव को हटाकर नए थाने गोरई में शामिल किया जाएगा। इगलास कस्बा सहित कुल 197 गांव इगलास थाने में रहेंगे। जिला पुलिस के प्रस्ताव पर राज्यपाल की संस्तुति मिलने के बाद इगलास-गोरई थानों के क्षेत्रफल में बंटवारे का नोटीफिकेशन जारी कर दिया है।
प्रदेश स्तर पर अलीगढ़ जिले के सबसे बड़े थानों में शुमार इगलास थाने के बंटवारे पर मोहर लगा दी गई है। जिला पुलिस के प्रस्ताव पर राज्यपाल की संस्तुति मिलने के बाद इगलास-गोरई थानों के क्षेत्रफल में बंटवारे का नोटीफिकेशन जारी कर दिया है। अब इगलास थाने से 111 गांव हटाकर गोरई में शामिल किए गए हैं, जबकि इगलास कस्बा सहित कुल 197 गांव इगलास थाने में रहेंगे। अभी गोरई थाने की बिल्डिंग निर्माण का काम जारी है। उसके पूरा होने के बाद ही थाने का संचालन होगा।
विज्ञापन
जिले का इगलास थाना राजस्व ग्राम व क्षेत्रफल की दृष्टि से आगरा जोन में सबसे बड़ा और प्रदेश के चुनिंदा सबसे बड़े थानों में शामिल है। इसी दृष्टि से कई साल पहले इसका बंटवारा कर इगलास की गोरई चौकी को थाने का दर्जा देने का प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर दो वर्ष पहले मोहर लगी थी और बजट जारी हुआ था। बजट जारी होने के बाद गोरई में थाने का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया।
इसके बाद जिला पुलिस के स्तर से तहसील व सर्किल की संयुक्त रिपोर्ट तैयार कराकर राजस्व गांवों के बंटवारे का प्रस्ताव भेजा गया। इस प्रस्ताव पर अब राज्यपाल की संस्तुति के बाद गृह सचिव डा.संजीव गुप्ता ने नोटीफिकेशन जारी कर दिया है। जारी नोटीफिकेशन के अनुसार इगलास में कस्बा सहित कुल 197 राजस्व गांव व गोरई में 111 राजस्व गांव शामिल रहेंगे। साथ में जिले के अन्य थानों की तरह गोरई थाने में भी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट का कार्यक्षेत्र मान्य रहेगा।
पहले से तय प्रक्रिया के तहत नोटीफिकेशन जारी हुआ है। इस बंटवारे के निर्धारण के साथ ही प्रस्ताव भेजा गया था। अभी चूंकि भवन निर्माण बाकी है। निर्माण पूरा होने के बाद ही गोरई थाने का संचालन शुरू किया जाएगा। तब तक इगलास थाना यथावत है।-संजीव सुमन, एसएसपी